1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कबड्डी: भारत ने पाकिस्तान को 36-20 से धोकर जीत के साथ किया टूर्नामेंट का आगाज

कबड्डी: भारत ने पाकिस्तान को 36-20 से धोकर जीत के साथ किया टूर्नामेंट का आगाज

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 23, 2018 12:07 pm IST,  Updated : Jun 23, 2018 12:09 pm IST

भारतीय कबड्डी टीम को कबड्डी मास्टर्स चैम्पियनशिप जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

भारतीय कबड्डी टीम ने...- India TV Hindi
भारतीय कबड्डी टीम ने पाकिस्तान को हराया

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए कबड्डी मास्टर्स चैम्पियनशिप में भारतीय टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है। खिताब जीतने की प्रबल दावेदार भारत ने कबड्डी मास्टर्स चैम्पियनशिप के शुरूआती मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 36-20 से करारी मात देकर शानदार आगाज किया। भारतीय कप्तान अजय ठाकुर की बदौलत भारत ने ब्रेक तक 22-9 से बढ़त बना ली थी और इसके बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिए।

ठाकुर ने 15 रेड अंक बनाए और वो टैकल करने में भी इतने ही मजबूत रहे जिससे टीम ने 12 और अंक जुटाए। भारत ने हाफ टाइम तक 13 अंक की बढ़त बना ली थी। ठाकुर को पूरा श्रेय देते हुए भारतीय कोच श्रीनिवास रेड्डी ने कहा, ‘उन्होंने उनके दोनों कॉर्नर पर कब्जा किया और उनके डिफेंस को तोड़ दिया।’

पाकिस्तानी टीम कहीं भी भारत के खिलाफ लय में नहीं दिखी और उनके कोच नबील अहमद ने वीजा परेशानियों के कारण टीम के देरी से आने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘हम आज सुबह सात बजे पहुंचे और अभ्यास करने का हमें जरा भी समय नहीं मिला। हमें आगामी मैचों में सुधार की उम्मीद है।’ आपको बता दें कि भारत को खिताब जीतने का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है और टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में सबसे मजबूत नजर आ रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल