1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत की अंतरराष्ट्रीय हॉकी में शानदार वापसी, जर्मनी को 6-1 से दी मात

भारत की अंतरराष्ट्रीय हॉकी में शानदार वापसी, जर्मनी को 6-1 से दी मात

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 28, 2021 10:30 pm IST,  Updated : Feb 28, 2021 10:30 pm IST

भारतीय हॉकी टीम ने कोरोना वायरस महामारी के कारण लंबे समय के बाद मैदान पर वापसी करते हुए रविवार को जर्मनी को 6-1 से करारी शिकस्त दी।

भारत की अंतरराष्ट्रीय...- India TV Hindi
भारत की अंतरराष्ट्रीय हॉकी में शानदार वापसी, जर्मनी को 6-1 से दी मात Image Source : HOCKEY INDIA

क्रेफेल्ड (जर्मनी)। युवा खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद के एक मिनट के अंदर किये गये दो गोल के साथ पूरी टीम की शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने कोरोना वायरस महामारी के कारण लंबे समय के बाद मैदान पर वापसी करते हुए रविवार को यहां जर्मनी को 6-1 से करारी शिकस्त दी। भारत के लिए विवेक (27वें और 28वें मिनट) के अलावा, नीलकांत शर्मा (13 वें मिनट), ललित कुमार उपाध्याय (41 वें मिनट), आकाशदीप सिंह (42 वें मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (47 वें मिनट) ने गोल किये।

लंबे समय के बाद मैदान पर उतरी भारतीय टीम शुरू से आक्रामक खेल का सहारा लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे जिससे जर्मनी की टीम दबाव में आ गयी। भारत को आक्रामक खेल का फायदा पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में मिला जब नीलकांत शर्मा ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम का खाता खोला। इसके अगले ही मिनट में हालांकि जर्मनी के कांटेस्टाइन स्टैब ने बराबरी का गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत मेजबानों ने भारत पर दबाव बनाने के साथ लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए।

Video : तो क्या ये है क्रिकेट जगत की सबसे बुरी 'फुलटॉस' गेंद, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया हैरान!

भारतीय टीम ने हालांकि इसका शानदार बचाव करते हुए जवाबी हमला किया जिससे मिडफील्डर विवेक ने 27वें और 28वें मिनट में दो गोल दागे। जर्मनी ने तीसरे क्वार्टर में भी भारत पर दबाव बनाये रखा और टीम ने छह पेनल्टी कार्नर हासिल किये। कप्तान और गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने हांलाकि जर्मनी को गोल नहीं करने दिया। रक्षापंत्ति की शानदार खेल के बाद भारतीय अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों ललित और आकाशदीप ने 41वें और 42वें मिनट में दो गोल कर विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज टीम का मैच में प्रभुत्व बना दिया

आखिरी क्वार्टर में मैच के 47 मिनट में भारतीय टीम पेनल्टी कार्नर हासिल करने में सफल रही और इस बार हरमनप्रीत ने कोई गलती नहीं कि जिससे टीम की बढ़त 6-1 की हो गयी। मैच के बाद कप्तान श्रीजेश ने कहा, ‘‘ इतने लंबे समय के बाद खेलना बिल्कुल रोमांचकारी था। कोच ने हमें खेल का लुत्फ उठाने की सलाह दी थी और हमने ऐसा ही किया। यह वही जर्मनी टीम है जिसने एफआईएच हॉकी प्रो लीग में खेला था, और यह देखते हुए कि हम एक साल बाद खेल रहे थे मुझे लगता है कि हमने इस टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया।’’ भारतीय टीम एक दिन के ब्रेक के बाद दो मार्च फिर से जर्मनी के खिलाफ खेलेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल