ज्यूरिख: फीफा अध्यक्ष पद से सेप ब्लाटर के इस्तीफे देने की घोषणा के बाद नए उम्मीदवारों की रेस में भारतीय मूल के सुनील गुलाटी भी शामिल हैं। इलाहाबाद में जन्में 55 वर्षीय गुलाटी युनाइटेड स्टेट्स सॉकर फेडरेशन के अध्यक्ष हैं। अमेरिका में फुटबाल को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे गुलाटी का अध्यक्ष के तौर पर यह रिकार्ड तीसरा कार्यकाल है।
गुलाटी दरअसल ब्लाटर के विरोधी माने जाते हैं। पिछले हुफ्ते हुए फीफा अध्यक्ष पद चुनाव में उन्होंने जॉर्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन के पक्ष में मतदान किया।
गुलाटी के अलावा दक्षिण कोरिया के चुंग मोंग-जून, अल हुसैन, ब्राजील के महान फुटबाल खिलाड़ी जीको, यूईएफए के अध्यक्ष माइकल प्लाटिनी, पुर्तगाल के पूर्व स्टार खिलाड़ी लुइस फिगो और अर्जेटीनी दिग्गज डिएगो माराडोना भी इस रेस में शामिल हैं।
अल हुसैन पहले ही अपनी उम्मीदवारी पक्की कर चुके हैं जबकि मोंग-जून ने कहा है कि वह अभी इस बारे में विचार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि फीफा पर 17 साल अपना वर्चस्व कायम रखने वाले ब्लाटर ने पिछले सप्ताह शुक्रवार को पांचवीं बार अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद भ्रष्टाचार के लग रहे आरोपों और दबाव के बीच मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।
ब्लाटर ने दो जून को एक संवाददाता सम्मेलन में अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा, "मुझे फीफा के सदस्यों से समर्थन प्राप्त है लेकिन ऐसा लगता है कि पूरा फुटबाल जगत जिसमें खिलाड़ी, इस खेल को प्यार करने वाले दर्शक और विभिन्न क्लब आदि मेरे साथ नहीं है।"