1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. इंडियन बॉक्सिंग लीग: पंजाब पैंथर्स को हरा अमित पंघाल की कप्तानी वाली गुजरात जाएंट्स ने जीता खिताब

इंडियन बॉक्सिंग लीग: पंजाब पैंथर्स को हरा अमित पंघाल की कप्तानी वाली गुजरात जाएंट्स ने जीता खिताब

 Reported By: IANS
 Published : Dec 22, 2019 06:33 am IST,  Updated : Dec 22, 2019 06:33 am IST

पुरुषों के 52 किलोग्राम भारवर्ग के अगले मैच में गुजरात के कप्तान अमित पंघल को रिंग में थे और उनका सामना पंजाब के पीएल प्रसाद से था।

Amit Panghal, Captain Gujrat Giants- India TV Hindi
Amit Panghal, Captain Gujrat Giants Image Source : TWITTER- @BIGBOUTLEAGUE

नई दिल्ली| गुजरात जाएंट्स ने शनिवार को यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के केडी जाधव हाल में खेली गई बिग बाउट इंडियन बॉक्सिंग लीग के रोमांचक फाइनल पंजाब पैंथर्स को 4-3 से मात दे लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। पंजाब ने शुरुआती दो मैच जीत बढ़त ले ली थी, लेकिन गुजरात ने इसके बाद दो बार वापसी कर खिताबी जीत अपने नाम की।

फाइनल का आखिरी मैच निर्णायक रहा, जहां पुरुषों के 75 किलोग्राम भारवर्ग में गुजरात के अशीष कुमार और पंजाब के यशपाल के बीच मैच हुआ। अशीष ने यशपाल को 5-0 से मात दे गुजरात को खिताबी जीत दिलाई।

दिन के पहले मैच में पंजाब की ओर से दर्शन रिंग में उतरी थीं। पीठ में दर्द के चलते पंजाब की कप्तान एमसी मैरीकोम रिंग में नहीं उतरीं, इसलिए दर्शन के ऊपर मैरीकोम की भरपाई करने की बड़ी जिम्मेदारी थी। शुरुआत में दर्शन जरूर थोड़ी जल्दबाजी में दिखीं लेकिन समय रहते उन्होंने वापसी की और गुजरात की राजेश नरवाल को 4-1 से हरा दिया।

इसके बाद पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में पंजाब के अब्दुल मलिक खालाकोव ने गुजरात के चिराग को हरा पंजाब को 2-0 से आगे कर दिया।

इसके बाद गुजरात ने लगातार दो मैच जीत मुकाबला 2-2 से बराबरी पर ला दिया। पुरुषों के 69 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में पंजाब के अनुभवी मुक्केबाज मनोज कुमार को आशीष कुल्हारिया ने मात दे गुजरात की वापसी का रास्ता तय किया। आशीष ने यह मैच 5-0 से जीता।

पुरुषों के 52 किलोग्राम भारवर्ग के अगले मैच में गुजरात के कप्तान अमित पंघल को रिंग में थे और उनका सामना पंजाब के पीएल प्रसाद से था। अमित 5-0 से मैच जीतने में सफल रहे और उनकी जीत ने गुजरात को मुकाबले में वापस ला दिया।

गुजरात को उम्मीद थी कि महिलाओं के 60 किलोग्राम भारवर्ग में अजुर्न अवार्डी सरिता देवी पंजाब की सोनिया लाथेर को हरा देंगी और गुजरात बढ़त ले लेगी, लेकिन सोनिया ने अनुभवी मुक्केबाज के सामने गजब की प्रतिस्पर्धा दिखाई। सोनिया ने इस मैच को 3-2 से नाम कर एक बार फिर पंजाब को आगे कर दिया। सोनिया की जीत के साथ ही पंजाब 3-2 से आगे थी।

पुरुषों के 91 किलोग्राम भारवर्ग में पंजाब ने रिंग में नवीन कुमार को उतारा। नवीन के सामने गुजरात के स्कॉट फॉरेस्ट थे और उनके सामने करो या मरो वाली स्थिति थी। फॉरस्ट ने 4-1 से यह मैच जीत एक बार फिर स्कोर 3-3 से बराबर कर आखिरी मैच को निर्णायक बना दिया।

आखिरी मैच पुरुषों के 75 किलोग्राम भारवर्ग में गुजरात के अशीष कुमार और पंजाब के यशपाल के बीच था, जहां गुजरात के खिलाड़ी ने जीत हासिल कर अपनी टीम को खिताब दिलाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल