1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईएसएल-6: ओडिशा एफसी ने मुंबई सिटी एफसी को 4-2 से हराया

आईएसएल-6: ओडिशा एफसी ने मुंबई सिटी एफसी को 4-2 से हराया

 Reported By: IANS
 Published : Oct 31, 2019 11:04 pm IST,  Updated : Oct 31, 2019 11:04 pm IST

ओडिश एफसी के लिए फ्रांसिस्को हर्नाडेज ने छठे, एरिडेन संताना ने 21वें और 72वें जबकि जैरी माविमिंगथांगल ने 41वें मिनट में गोल किए।

Odisha FCM Mumbai City FC, Football, Indian Super League- India TV Hindi
Odisha FC Image Source : ISL

मुंबई। पिछले दो मैचों की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए ओडिशा एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन के अपने तीसरे मैच में गुरुवार को यहां मुंबई फुटबाल एरेना में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान मुंबई सिटी एफसी को 4-2 से हरा दिया। घर के बाहर अपना तीसरा मैच खेल रही नई नवेली ओडिशा की टीम की इस सीजन में पिछले तीन मैचों में यह पहली जीत है। टीम को पहले दो मैचों में हार मिली थी। टीम के अब तीन अंक हो गए हैं। वहीं, मुंबई की तीन मैचों में यह पहली हार है।

ओडिश एफसी के लिए फ्रांसिस्को हर्नाडेज ने छठे, एरिडेन संताना ने 21वें और 72वें जबकि जैरी माविमिंगथांगल ने 41वें मिनट में गोल किए।

मुंबई सिटी एफसी की ओर से मोहम्मद लार्बी ने 51वें मिनट में पेनाल्टी पर और बिपिन सिंह ने इंजुरी टाइम में गोल किया।

ओडिशा ने मैच में बेहतरीन शुरुआत की और पहले 10 मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली। हर्नाडेज ने छठे मिनट में संताना से मिले पास पर गोल दागकर ओडिशा को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिला दी। मुंबई सिटी को इस सीजन में पहली बार कोई गोल खाना पड़ा।

पहला गोल दागने में मदद करने वाले संताना ने 21वें मिनट में ओडिशा की बढ़त को दोगुना करने में कोई गलती नहीं। स्पेनिश खिलाड़ी संताना ने कॉर्नर पर जैरी से मिले पास पर बॉल को गोल पोस्ट में डालकर ओडिशा को मैच में 2-0 से आगे कर दिया।

32वें मिनट में मुंबई के पास अपने घर में पहला गोल करने का आसान मौका आया। कार्लोस ने बॉक्स के अंदर केवीन को बॉल थमाया, लेकिन उनका यह शॉट क्रॉसबार के ऊपर निकल गया और मेजबान टीम खाता खोलने से चूक गई।

मैच में 2-0 की बढ़त लेने के बाद ओडिशा ने हाफ टाइम की समाप्ति से पहले ही एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। ओडिशा के लिए यह गोल दूसरे गोल में मदद करने वाले जैरी ने 41वें मिनट में किया।

शुभम सारंगी ने बांई ओर से नंदकुमार सीकर को एक लंबा पास दिया। जैरी ने इसे अपने नियंत्रण में लेकर बॉल को गोल पोस्ट में डाल दिया।

आईएसएल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी मैच के पहले हाफ में मुंबई सिटी एफसी ने तीन गोल खाए हैं।

दूसरे हॉफ के शुरू होने के पांच मिनट बाद ही ओडिशा के डोरोंसो ने बॉक्स के अंदर केवीन को गिरा दिया। इस पर मुंबई को पेनाल्टी हासिल हुई और मोहम्मद लार्बी ने इस पेनाल्टी को गोल में तब्दील करके मेजबान टीम का खाता खोल दिया।

लार्बी ने यह गोल 51वें मिनट में किया। मुंबई का आईएसएल में यह 100वां गोल है।

इसके दो मिनट बाद ही मुंबई की ओर से एक और पेनाल्टी की मांग की गई, जिसे खारिज कर दिया गया। 72वें मिनट में ओडिशा ने उस समय गोलों का चौका जड़ दिया जब संताना ने हेडर के जरिए जैरी से मिले पास पर मैच में अपना दूसरा गोल दागकर ओडिशा को 4-1 की शानदार बढ़त दिला दी।

निर्धारित समय तक 4-1 की बढ़त लेने के बाद मुकाबला इंजुरी टाइम में गया, जहां मुंबई ने एक और गोल दागकर अपने हार के अंतर को कम कर दिया। मुंबई के लिए यह गोल बिपिन सिंह ने किया। इस तरह मुकाबला 4-2 से ओडिशा एफसी के पक्ष में रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल