रियो डि जिनेरियो: रियो ओलंपिक में आज भारतीय महिला खिलाडि़यों के लिये मिला जुला दिन रहा जिसमें सितारों से सजी महिला तीरंदाजी रिकर्व टीम क्वार्टर फाइनल में रूस से हारकर बाहर हो गई जबकि महिला हाकी टीम ने जापान को ड्रा पर रोका लेकिन निशानेबाजी में हिना सिद्धू नाकाम रही। भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने कोलंबिया को 5-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन रूस से शूट आफ में 5-4 से हार गई । लंदन ओलंपिक में पहले दौर में बाहर होने वाली भारतीय महिला तीरंदाजी टीम पहली बार दूसरे दौर में पहुंची थी। रूस ने हालांकि टाइब्रेकर में उसे 25-23 से हरा दिया।
36 साल बाद ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली महिला हाकी टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद उंची रैंकिंग वाली जापानी टीम को 2-2 से ड्रा पर रोका । विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम हाफटाइम तक दो गोल गंवा चुकी थी । दुनिया की 10वें नंबर की टीम जापान के लिये एमि निशिकोरि (15वां मिनट) और मिये नकाशिमा (28वां) ने गोल किये।
भारत के लिये रानी रामपाल (31वां) और लिलिमा मिंज (40वां) ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में गोल दागे। भारतीय निशानेबाजों का रियो ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा जब हीना सिद्धू आज यहां महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालीफिकेशन दौर में ही बाहर हो गई। वह 44 प्रतिभागियों के बीच 14वें स्थान पर रही। ग्वांग्झू एशियाई खेल 2010 की रजत पदक विजेता 26 साल की हीना ने कुल 380 का स्कोर बनाया। लंदन 2012 में ओलंपिक में पदार्पण करते हुए 12वें स्थान पर रही हीना खराब शुरूआत से उबरने में नाकाम रही। रूस की वितालिना बतसाराशकिना क्वालीफिकेशन में 390 अंक के साथ शीर्ष पर रही। हीना अब नौ अगस्त को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में इस खराब प्रदर्शन की भरपाई करने की कोशिश करेंगी।
कल अपूर्वी चंदेला और अयोनिका पाल महिला 10 मीटर एयर राइफल में फाइनल में क्वालीफाई करने में नाकाम रही थी। अपूर्वी 411.6 अंक के साथ 34वें जबकि अयोनिका 407 अंक के साथ 43वें स्थान पर रही थी। जीतू राय 10 मीटर एयर पिस्टर के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे लेकिन अंतत: आठवां स्थान हासिल किया। गुरप्रीत सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल के क्वालीफिकेशन में 46 निशानेबाजों में 20वें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।