1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. जापान के खिलाफ जीत से शुरूआत करने उतरेगी भारतीय महिला हाकी टीम

जापान के खिलाफ जीत से शुरूआत करने उतरेगी भारतीय महिला हाकी टीम

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 06, 2016 02:51 pm IST,  Updated : Aug 06, 2016 02:51 pm IST

रियो डि जिनेरियो: ओलंपिक में 36 साल बाद फिर से जगह बनाने वाली भारतीय महिला हाकी टीम पूल बी में जापान के खिलाफ होने वाले अपने मैच में जीत दर्ज करके अपने अभियान की सकारात्मक

Indian women hockey team - India TV Hindi
Indian women hockey team

रियो डि जिनेरियो: ओलंपिक में 36 साल बाद फिर से जगह बनाने वाली भारतीय महिला हाकी टीम पूल बी में जापान के खिलाफ होने वाले अपने मैच में जीत दर्ज करके अपने अभियान की सकारात्मक शुरूआत करने के लिये मैदान पर उतरेगी। महिला टीम ने पिछले साल जून में विश्व लीग सेमीफाइनल के क्लासिफिकेशन मैच में जापान को हराकर पांचवां स्थान हासिल किया था जिससे वह 1980 के मास्को ओलंपिक के बाद पहली बार ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने में सफल रही।

जापान की टीम अभी विश्व रैंकिंग में भारत से तीन पायदान उपर दसवें स्थान पर है लेकिन आस्ट्रेलियाई नील हागुड जैसे अनुभवी कोच की निगरानी में भारतीय टीम को अच्छी शुरूआत की उम्मीद है। डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, कोच ने हमसे पहले मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिये कहा है। इससे लीग चरण के बाकी मैचों के लिये लय बनेगी। दीप ने अब तक 106 मैच खेले हैं और वह कप्तान सुशील चानू के साथ भारतीय रक्षापंक्ति की मजबूत कड़ी है। चानू को ओलंपिक से ठीक पहले रितु रानी की जगह टीम की कमान सौंपी गयी। रितु की अनुपस्थिति में इस साल के शुरू में आस्ट्रेलिया दौर में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाली चानू की यहां कड़ी परीक्षा होगी। उनकी अगुवाई में भारतीय जूनियर टीम ने तीन साल पहले जर्मनी में जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीता था। अग्रिम पंक्ति की जिम्मेदारी रानी रामपाल रहेगी जबकि गोलकीपर सविता पूनिया को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

हागुड इससे पहले जुलाई 2012 से नवंबर 2014 तक भारतीय महिला टीम के कोच रहे थे। तब भारत ने एशियाई खेलों में कांस्य और एशियाई चैंपियनशिप 2012 में रजत पदक जीता था। हागुड अपने दूसरे कार्यकाल में उस सफलता को दोहराना चाहेंगे। पिछले साल नवंबर में दूसरी बार टीम से जुड़ने वाले हागुड ने कहा, दूसरा कार्यकाल भी पहले जैसा ही है। टीम को अगले स्तर पर ले जाना महत्वपूर्ण है। हमारा लक्ष्य बहुत सरल है। पहले अंतिम आठ में जगह बनाना और उसके बाद तो यह दो मैच जीतने का सवाल हो जाता है। पूल बी में भारत सबसे कम रैंकिंग की टीम है। इस पूल बी में दूसरी रैकिंग का अर्जेंटीना और तीसरे रैंकिंग का आस्ट्रेलिया है जबकि इंग्लैंड और अमेरिका की टीमें भी मजबूत हैं। भारत 1980 के ओलंपिक में छह टीमों के बीच चौथे स्थान पर रहा था। रियो ओलंपिक से पहले भारतीय टीम ने केवल मास्को ओलंपिक के लिये ही क्वालीफाई किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल