1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ITF ने लगाया मारिया शारापोवा पर दो साल का प्रतिबंध

ITF ने लगाया मारिया शारापोवा पर दो साल का प्रतिबंध

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 08, 2016 11:30 pm IST,  Updated : Jun 08, 2016 11:30 pm IST

अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) ने रूस की महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा पर बुधवार को डोप परीक्षण में असफल पाए जाने के कारण दो साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

मारिया शरापोवा- India TV Hindi
मारिया शरापोवा

लंदन: अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) ने रूस की महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा पर बुधवार को डोप परीक्षण में असफल पाए जाने के कारण दो साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। शारापोवा को जनवरी में हुए आस्ट्रेलियन ओपन के दौरान प्रतिबंधित पदार्थ मेलडोनियम के सेवन का दोषी पाया गया था। इसके बाद मार्च में उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया था।

मेलडोनियम को एक जनवरी को प्रतिबंधित कर दिया गया था। शारापोवा ने कहा था कि वह स्वास्थ्य कारणों से 2006 से इस पदार्थ का सेवन कर रही थीं। पांच बार ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं शारापोवा ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगी।

आईटीएफ ने बयान में कहा, "2016 डोपिंग रोधी कार्यक्रम के अनुच्छेद 8.1 के तहत नियुक्त किए गए स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने मारिया शरापोवा को डोपिंग रोधी नियम के अनुच्छेद 2.1 का दोषी पाया है। इसी के चलते उन्हें अयोग्य घोषित किया जाता है और 26 जनवरी 2016 से दो साल के लिए प्रतिबंधित किया जाता है।"

शारापोवा को इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलिम्पक की रूस की टीम में शामिल किया गया था। पहले यह साफ नहीं था कि वह ओलम्पिक में हिस्सा नहीं ले पाएंगी या नहीं। शारापोवा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, " ITF न्यायाधिकरण द्वारा मेरे ऊपर लागए गए दो साल के प्रतिबंध से यह सिद्ध होता है कि मैंने यह जानबूझ कर नहीं किया था। न्यायाधिकरण ने अपनी जांच में पाया है कि मैंने उस पदार्थ का सेवन अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए नहीं किया था।"

शारापोवा ने लिखा, "आपको यह जानने की जरूरत है कि ITF ने न्यायाधिकरण से मुझे चार साल के लिए प्रतिबंधित करने को कहा था, लेकिन न्यायाधिकरण ने ऐसा करने से मना कर दिया।" उन्होंने लिखा, "न्यायाधिकरण ने कहा है कि मैंने जानबूझ कर डोपिंग के नियमों का उल्लंघन नहीं किया है, इसलिए मैं इस दो साल के अनुचित प्रतिबंध को बर्दाश्त नहीं करूंगी।"

शारापोवा ने लिखा, "न्यायाधिकरण के सदस्यों को ITF ने नियुक्त किया था और अब उन्हीं ने कहा है कि मैंने जानबूझ कर नियम नहीं तोड़े हैं। बावजूद इसके वह मुझे दो साल के लिए टेनिस से दूर रखना चाहते हैं। मैं तत्काल इस फैसले के खिलाफ खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में अपील करूंगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल