1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ब्रूनो के गोल से मैनचेस्टर यूनाईटेड ने लीस्टर सिटी को हरा चैंपियन्स लीग में बनाई जगह

ब्रूनो के गोल से मैनचेस्टर यूनाईटेड ने लीस्टर सिटी को हरा चैंपियन्स लीग में बनाई जगह

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 26, 2020 11:42 pm IST,  Updated : Jul 26, 2020 11:42 pm IST

ब्रूनो फर्नाडिस के पेनल्टी पर किये गये महत्वपूर्ण गोल से मैनचेस्टर यूनाईटेड ने रविवार को यहां लीस्टर सिटी को इंग्लिश प्रीमियर लीग के आखिरी लीग मैच में 2-0 से हराकर चेल्सी के साथ चैंपियन्स लीग में जगह बनायी।

ब्रूनो के गोल से...- India TV Hindi
ब्रूनो के गोल से मैनचेस्टर यूनाईटेड ने लीस्टर सिटी को हरा चैंपियन्स लीग में बनाई जगह Image Source : AP

लंदन। ब्रूनो फर्नाडिस के पेनल्टी पर किये गये महत्वपूर्ण गोल से मैनचेस्टर यूनाईटेड ने रविवार को यहां लीस्टर सिटी को इंग्लिश प्रीमियर लीग के आखिरी लीग मैच में 2-0 से हराकर चेल्सी के साथ चैंपियन्स लीग में जगह बनायी।

चेल्सी ने एक अन्य मैच में वॉल्वस को 2-0 से पराजित किया। उसकी तरफ से मैसन माउंट और ओलिवर गिरोड ने गोल किये। ये दोनों गोल पहले हाफ के इंजुरी टाइम में किये गये। पिछले साल सितंबर से शीर्ष चार में जगह बनाये रखने वाले लीस्टर को कोरोना वायरस ब्रेक के बाद लीग की वापसी पर लचर प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा। 

मैनचेस्टर यूनाईटेड को चैंपियन्स लीग में जगह बनाने के लिये केवल ड्रा की जरूरत थी लेकिन उसे 71वें मिनट में पेनल्टी मिली जिसे फर्नाडिस ने गोल में बदलने में गलती नहीं की। जेसी लिग्नार्ड ने इंजुरी टाइम के आठवें मिनट में टीम की तरफ से दूसरा गोल किया। इस जीत से मैनचेस्टर यूनाईटेड 38 मैचों में 66 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। 

चेल्सी के भी इतने ही अंक रहे लेकिन वह गोल अंतर में पिछड़ने के कारण चौथे स्थान पर रहा। प्रत्येक लीग से शीर्ष चार टीमें चैंपियन्स लीग में जगह बनाती हैं। लीस्टर को 62 अंक के साथ पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। 

प्रीमियर लीग से चैंपियन लीवरपूल और मैनचेस्टर सिटी पहले ही चैंपियन्स लीग में जगह पक्की कर चुके थे। लीवरपूल ने एक अन्य मैच में न्यूकास्टल को 3-0 से हराकर 99 अंकों के साथ अपने अभियान का अंत किया। मैनचेस्टर सिटी ने नार्विच सिटी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। वह 81 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल