1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मेरीकोम ने विश्व चैम्पियनशिप के दौरान विरोध दर्ज करने के नियम पर उठाया सवाल

मेरीकोम ने विश्व चैम्पियनशिप के दौरान विरोध दर्ज करने के नियम पर उठाया सवाल

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 15, 2019 10:30 pm IST,  Updated : Oct 15, 2019 10:30 pm IST

एमसी मेरीकोम ने विश्व चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद मंगलवार को विरोध दर्ज करने के नियम पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके पीछे का तर्क उनकी समझ से परे है। 

मेरीकोम- India TV Hindi
मेरीकोम Image Source : PTI

दिल्ली। छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकोम ने विश्व चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद मंगलवार को विरोध दर्ज करने के नियम पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके पीछे का तर्क उनकी समझ से परे है। मेरीकोम ने खेल मंत्रालय के सम्मान समारोह कार्यक्रम के इतर कहा,‘‘ हमारे विरोध को इसलिए स्वीकार नहीं किया गया क्योंकि मैं 1-4 के फैसले से हारी थी। मुझे नहीं पता कि यह कैसा नियम है कि आप 1-4 से हारने के बाद विरोध नहीं दर्ज करा सकते।’’

विश्व चैम्पियनशिप में रिकॉर्ड आठवां और 51 किग्रा में पहला पदक जीतने वाली इस दिग्गज मुक्केबाज ने कहा,‘‘अगर जीत के हकदार को हरा दिया जाए तो यह खेल के लिए अच्छा नहीं होगा।’’

मेरीकोम को तुर्की की बुसेनाज काकिरोग्लू से 1 - 4 से पराजय झेलनी पड़ी। भारतीय दल ने इस फैसले का रिव्यू मांगा लेकिन अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ की तकनीकी समिति ने उनकी अपील खारिज कर दी। नियमों के मुताबिक फैसले पर विरोध तभी दर्ज किया जा सकता है जब वह 3-2 या 3-1 का होगा।

उन्होंने कहा कि इस हार के बावजूद भी विश्व चैम्पियनशिप से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है जिससे वह तोक्यो ओलंपिक में पदक जीत सकती है।

उन्होंने कहा,‘‘सेमीफाइनल में हार के बाद भी विश्व चैम्पियनशिप आगे की तैयारियों के लिए अच्छी रही। मैं पूरी तरह से फिट थी और 51 किग्रा में अच्छे लय में थी। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और मैं ओलंपिक में बेहतर कर सकती हूं।’’

इस मौके पर 48 किग्रा भारवार्ग में रजत जीतने वाली मंजू रानी और कांस्य पदक जीतने वाली जमुना बोरो (54 किग्रा) तथा लवलीना बोरगोहेन (69 किलो) को भी सम्मानित किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल