1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर बने डीएसपी

ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर बने डीएसपी

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 12, 2021 03:13 pm IST,  Updated : Aug 12, 2021 03:13 pm IST

तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित करते हुए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी।

ओलंपिक में ब्रॉन्ज...- India TV Hindi
ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर बने डीएसपी Image Source : TWITTER/SHIVRAJ SINGH CHOUHAN

भोपाल। तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर को गुरुवार को यहां मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित करते हुए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी और साथ ही उन्हें उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) भी नियुक्त किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ओलंपिक पदक के 41 साल लंबे इंतजार को खत्म करते हुए तोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था। विवेक इस टीम का हिस्सा थे। यहां मिंटो हॉल में विवेक सागर को एक करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित करने के बाद चौहान ने कहा, ‘‘विवेक आज से मध्यप्रदेश के डीएसपी भी हैं।’’

EXCLUSIVE | हम यहीं नहीं रुकेंगे, अगले ओलंपिक में मेडल का रंग बदलना है : मनप्रीत सिंह

उन्होंने यह भी ऐलान किया कि मध्यप्रदेश में जहां भी विवेक के परिवार वाले चाहेंगे, वहां एक पक्का घर बनाकर उन्हें दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘तोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने केवल कांस्य पदक ही नहीं जीता है, बल्कि भारतीय हॉकी का यह पुनर्जागरण है।’’ विवेक मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के चांदोन पिपरिया ग्राम के निवासी हैं। चौहान ने कहा कि हॉकी का यह पदक जीतकर विवेक ने चांदोन पिपरिया गांव, इटारसी, मध्य प्रदेश एवं पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि विवेक की उम्र अभी सिर्फ 21 वर्ष है। निश्चित ही वे एक दिन स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बनेंगे। उन्हें बहुत बधाई और शुभकामनाएं।

Exclusive। महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को है टोक्यो में मेडल न जीत पाने का मलाल

चौहान ने कहा कि महिला हॉकी खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। भारतीय महिला हॉकी टीम ने तोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथा स्थान हासिल किया। यह भी कम सम्मान की बात नहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 31-31 लाख की राशि सम्मान स्वरूप दी जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल