मुंबई: विदेश में अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने वाले भारत के पहले बैडमिंटन खिलाड़ी नंदू नाटेकर को उनके 83वें जन्मदिन पर यहां लीजैंड्स क्लब में शामिल किया गया और यह सम्मान पाने वाले वह पहले गैर क्रिकेटर हैं।
कल शाम यहां आयोजित कार्यक्रम में नाटेकर ने कहा, इस क्लब का सदस्य होना बड़े फख्र की बात है और मैं सिर्फ छठा सदस्य ही हूं। क्लब में विजय मर्चेंट, विजय हजारे, वीनू मांकड़, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर जैसे क्रिकेटर हैं। कपिल देव को छह जनवरी 2017 को उनके 58वें जन्मदिन पर इसमें शामिल किया जाएगा ।
नाटेकर ने कहा मुझे कुछ कबूल करना है, कि कई लोग कोचिंग के जरिए खेल को योगदान दे रहे हैं मसलन प्रकाश पादुकोण, पुलेला गोपीचंद और उदय पवार लेकिन मैने ऐसा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, मैने बैडमिंटन छोड़ते ही टेनिस खेलना शुरू कर दिया और संगीत में भी पदार्पण किया। मैने खेल को कुछ वापिस नहीं दिया।
मलेशिया में 1956 में सेलांगोर खिताब जीतने वाले नाटेकर ने बताया कि अपने कैरियर के दिनों में वह विज्ञापनों से पैसा बना सकते थे लेकिन उन्हें ऐसा करने से मना किया गया था। उन्होंने कहा, सुभाष गुप्ते, लेग स्पिनर, और विल्सन जोंस, विश्व बिलियर्ड्स चैम्पियन ने मेरे लिए दो करार लगभग तय कर लिए थे।
इसे भी पढ़ेः श्रीकांत विश्व रैंकिंग में 12वें नंबर पर खिसके, ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी 14वें स्थान पर
ब्रायलक्रीम के लिए छह सप्ताह के विज्ञापन पर छह महीने तक 600 रुपए प्रतिमाह और छह बोतल, इसके अलावा विक्स वेपोरब के लिए छह महीने तक 400 रुपए प्रतिमाह। उन्होंने कहा, मैं भारतीय बैडमिंटन संघ के तत्कालीन सचिव के पास गया जिन्होंने साफ मना कर दिया।