नई दिल्ली: रियो ओलम्पिक-2016 के लिए क्वालीफाई करने वाले पहलवान नरसिंह यादव के डोप टेस्ट में असफल होने के बाद सोमवार को युवा मामलों एवं खेल मंत्री विजय गोयल (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा है कि नरसिंह के ओलम्पिक में जाने का फैसला उनके मामले को लेकर जारी जांच के बाद ही लिया जाएगा।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन में गोयल ने कहा कि जांच पैनल का गठन कर दिया गया है और वह अपना काम कर रहा है। गोयल ने कहा कि नरसिंह पर अभी अस्थायी प्रतिबंध है और वह रियो के लिए तभी रवाना होंगे, जब नाडा उन्हें आरोपमुक्त बता देगा।
गोयल ने कहा, "राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) इस मामले में अपना काम कर रही है। खिलाड़ी का डोप टेस्ट सकारात्मक आया, जिसके बाद उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया। जब ऐसे मामले आते हैं तो इसके लिए हमारे यहां डोपिंग रोधी अनुशासनात्मक समिति (एडीडीपी) बनी हुई है। यह समिति खिलाड़ी को अपना पक्ष रखने का मौका देती है। जिसके बाद नाडा के सामने खिलाड़ी का पक्ष रखा जाता है और वह इसकी जांच करता है।"
गोयल ने कहा, "इस मामले में जांच पूरी नहीं हुई है। जब इसकी पूरी जांच हो जाएगी, तब यह तय हो जाएगा की नरसिंह यादव रियो ओलम्पिक में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं।"
सोमवार को ही भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने नरसिंह का समर्थन करते हुए कहा है कि उनके खिलाफ साजिश की गई है। नरसिंह ने भी अपने ऊपर साजिश का आरोप लगाया है और कहा है कि उन्होंने अपनी जीवन में कभी भी प्रतिबंधित चीजों का सेवन नहीं किया है।