1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. जोकोविच ने मर्रे को हराकर छठी बार आस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीता

जोकोविच ने मर्रे को हराकर छठी बार आस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीता

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 31, 2016 07:04 pm IST,  Updated : Jan 31, 2016 07:04 pm IST

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने एंडी मर्रे को सीधे सेटों में हराकर छठी बार आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष एकल का खिताब जीतकर रिकार्ड की बराबरी की।

novak djokovic- India TV Hindi
novak djokovic

मेलबर्न: विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने एंडी मर्रे को सीधे सेटों में हराकर छठी बार आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष एकल का खिताब जीतकर रिकार्ड की बराबरी की। सर्बिया के विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ने मेलबर्न पार्क पर खेले गए फाइनल में मर्रे को दो घंटे 53 मिनट तक चले मैच में 6-1, 7-5, 7-6 से हराया। मर्रे की यह इस टूर्नामेंट के फाइनल में पांचवीं हार है और इनमें से चार बार उन्हें जोकोविच ने हराया है।

जोकोविच ने आस्ट्रेलिया के राय इमर्सन के रिकार्ड की बराबरी की जिन्होंने 1961 से 1967 के बीच छह खिताब जीते थे। पिछले 49 साल से उनके इस रिकार्ड को कोई छू नहीं पाया था। यह जोकोविच का 11वां ग्रैंडस्लैम खिताब है और वह रोड लीवर और ब्योर्न बोर्ग की बराबरी पर पहुंच गए हैं। रोजर फेडरर के नाम पर रिकार्ड 17 ग्रैंडस्लैम खिताब दर्ज हैं।

जोकोविच ने जीत के बाद मर्रे की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, आज की रात आपके लिए नहीं थी एंडी। आप वास्तव में चैंपियन हो। आप मेरे बहुत अच्छे दोस्त और बहुत अच्छे इंसान हो।

उन्होंने कहा, वह बेहद पेशेवर और इस खेल के प्रति समर्पित है और इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में उसे इस ट्राफी के लिए खेलने के अधिक मौके मिलेंगे। जोकोविच ने 2008 में जो विल्फ्रेड सोंगा को हराकर अपना पहला बड़ा खिताब जीता था और इसके बाद उन्होंने मेलबर्न में अपना दबदबा बनाया। उन्होंने 2012 के फाइनल में राफेल नडाल को हराया और इसके अलावा 2011, 2013, 2015 और अब 2016 में मर्रे को हराकर चैंपियन बना।

यही नहीं इस जीत से जोकोविच ने ग्रैंडस्लैम में अपने विजय अभियान को 21 मैचों तक पहुंचा दिया है। उन्होंने पिछले साल फ्रेंच ओपन के फाइनल में स्टैन वावरिंका से हारने के बाद ग्रैंडस्लैम में कोई मैच नहीं गंवाया है। पुरस्कार वितरण समारोह में मर्रे जब अपनी गर्भवती पत्नी किम सीयर्स का आभार व्यक्त कर रहे थे तब वह अपने आंसू नहीं थाम पाए। उन्होंने टूटती आवाज में कहा, आपके समर्थन के लिए बहुत बहुत आभार। मैं अगली उड़ान से घर पहुंच रहा हूं।

जोकोविच को अपने पहले सर्विस गेम में ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद उन्होंने लय हासिल की और दो बार मर्रे की सर्विस तोड़कर 30 मिनट में पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट का तीसरा गेम 12 मिनट तक चला जिसमें मर्रे ने चार ब्रेक प्वाइंट बचाए लेकिन जोकोविच ने जल्द ही 4-3 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद नौवें गेम में दोनों खिलाडि़यों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला लेकिन जोकोविच ने 0-40 से वापसी करके चौथी बार मर्रे की सर्विस तोड़ी और 6-5 से बढ़त बनायी। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस बचाकर यह दो सेट से बढ़त बनाई। तीसरे सेट में दोनों खिलाडि़यों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। यह सेट टाईब्रेकर तक गया जिसमें जोकोविच ने 7-3 से जीत दर्ज की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल