1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. PM मोदी का अधिकारियों को निर्देश, टोक्यो ओलंपिक जाने वाले हर एथलीट को लगे जल्द टीका

PM मोदी का अधिकारियों को निर्देश, टोक्यो ओलंपिक जाने वाले हर एथलीट को लगे जल्द टीका

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 03, 2021 05:07 pm IST,  Updated : Jun 03, 2021 05:07 pm IST

टोक्यो ओलंपिक का आगाज होने में अब सिर्फ 50 दिन शेष हैं और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की ओलंपिक तैयारियों की समीक्षा की। 

PM मोदी का अधिकारियों...- India TV Hindi
PM मोदी का अधिकारियों को निर्देश, टोक्यो ओलंपिक जाने वाले हर एथलीट को लगे जल्द टीका Image Source : PMO

टोक्यो ओलंपिक का आगाज होने में अब सिर्फ 50 दिन शेष हैं और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की ओलंपिक तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए परिचालन तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर एक प्रस्तुति दी गई। 

इस समीक्षा के दौरान प्रधान मंत्री को महामारी के बीच एथलीटों के लिए निर्बाध प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, ओलंपिक कोटा जीतने के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने, एथलीटों के टीकाकरण और उन्हें प्रदान की जा रही अनुकूलित सहायता की दिशा में उठाए गए विभिन्न कदमों से अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टोक्यो ओलंपिक के लिए यात्रा करने वाले प्रत्येक योग्य/संभावित एथलीट, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों को जल्द से जल्द टीका लगाया जाना चाहिए।

पीएम ने कहा कि वह जुलाई में एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारतीय ओलंपिक दल के साथ जुड़ेंगे, उन्हें प्रोत्साहित करने और सभी भारतीयों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देंगे। पीएम ने कहा कि खेल हमारे राष्ट्रीय चरित्र के केंद्र में है और हमारे युवा खेल की एक मजबूत और जीवंत संस्कृति का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 135 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं हमारे उन युवाओं के साथ हैं जो ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। पीएम ने कहा कि वैश्विक मंच पर चमकने वाले प्रत्येक युवा खिलाड़ी हजारों युवाओं को खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

दूसरी तरफ अधिकारियों ने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले एथलीटों को प्रेरित करने और उनका मनोबल बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसलिए, प्रतियोगिता के दौरान उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ भारत में नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

पीएम को बताया गया कि कुल 100 एथलीटों ने 11 खेलों में टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है और 25 और एथलीटों के टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की संभावना है, जिसका विवरण जून 2021 के अंत तक सामने आएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल