1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो के लिये क्वालीफाई नहीं कर पायी पूनिया

रियो के लिये क्वालीफाई नहीं कर पायी पूनिया

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 11, 2016 08:58 am IST,  Updated : Jul 11, 2016 08:58 am IST

नयी दिल्ली: शीर्ष भारतीय चक्का फेंक एथलीट कृष्णा पूनिया रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने में असफल रही। वह अमेरिका में प्रतियोगिता में क्वालीफाइंग मानक तक नहीं पहुंच सकी। राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एवं फील्ड

krishna-poonia- India TV Hindi
krishna-poonia

नयी दिल्ली: शीर्ष भारतीय चक्का फेंक एथलीट कृष्णा पूनिया रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने में असफल रही। वह अमेरिका में प्रतियोगिता में क्वालीफाइंग मानक तक नहीं पहुंच सकी। राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एवं फील्ड में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय 34 वर्षीय पूनिया आज अमेरिका में अपने अंतिम टूर्नामेंट में 57.10 मीटर चक्का फेंककर पहले स्थान पर रहीं लेकिन वह रियो क्वालीफिकेशन मार्क से काफी नीचे रहा। ओलंपिक क्वालीफिकेशन मार्क 61 मीटर है और रियो ओलंपिक के लिये जगह बनाने की अंतिम तारीख सोमवार तक ही है।

पिछले दो महीनों से पूनिया खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना :टीओपीएस: अमेरिका में ट्रेनिंग कर रही हैं और वहीं प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 59.49 मीटर का रहा है। पूनिया का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकार्ड 64.76 मीटर का है जो उन्होंने 2012 में बनाया था। उन्होंने 61.51 मीटर के थ्रो से 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीता था। पूनिया तीन ओलंपिक 2004, 2008 और 2012 में भाग ले चुकी हैं। वह भारत के उन ट्रैक एवं फील्ड एथलीटों में शामिल हैं जिन्होंने ओलंपिक में किसी स्पर्धा के फाइनल राउंड में क्वालीफाई किया है। वह 2012 लंदन ओलंपिक में छठे स्थान पर रही थीं।

पूनिया ने कहा, मैंने रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया लेकिन अंत में मैं ऐसा नहीं कर सकी। मुझे लगता है कि पिछले साल घुटने की सर्जरी के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ करने के लिये मुझे वापसी करने का काफी समय नहीं मिला। उन्होंने कहा, मैं अब 2018 राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों पर ही ध्यान लगाउंगी। पूनिया ने कहा, मैं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण को मेरा सहयोग करने के लिये शुक्रिया अदा करूंगी जिन्होंने अमेरिका में मुझे ट्रेनिंग करने और प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी। मैं रियो ओलंपिक में भाग लेने वाले देश के सभी खिलाडि़यों के लिये सफलता की कामना करती हूं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल