1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कनाडा में प्रणीत, मनु-सुमित ने खिताब जीते

कनाडा में प्रणीत, मनु-सुमित ने खिताब जीते

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 04, 2016 01:06 pm IST,  Updated : Jul 04, 2016 01:06 pm IST

केलगैरी (कनाडा): भारत को कनाडा ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में दोहरी सफलता हाथ लगी जब बी साई प्रणीत ने पुरूष एकल जबकि रियो ओलंपिक में जगह बनाने वाली मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी

Sain Praneet- India TV Hindi
Sain Praneet

केलगैरी (कनाडा): भारत को कनाडा ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में दोहरी सफलता हाथ लगी जब बी साई प्रणीत ने पुरूष एकल जबकि रियो ओलंपिक में जगह बनाने वाली मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी ने इस 55000 डालर इनामी ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरूष युगल का खिताब जीता। चौथे वरीय 23 साल के प्रणीत ने पुरूष एकल फाइनल में एकतरफा मुकाबले में कोरिया के ली ह्यून इल को 21-12, 21-10 से हराया। प्रणीत ने कल मार्किन मैकफेल सेंटर में आधे घंटे से भी कम समय में जीत दर्ज की।

ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली पुरूष युगल जोड़ी शीर्ष वरीय मनु और सुमित ने मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज करते हुए एड्रियन ल्यू और टोबी एनजी की स्थानीय जोड़ी को आसानी से 21-8, 21-14 से हराया। प्रणीत पिछले कुछ समय से चोटों से जूझने के कारण टूर्नामेंटों के शुरूआती राउंड से ही बाहर होते रहे हैं लेकिन इस दौरान उन्होंने कुछ यागदार जीत भी दर्ज की। उन्होंने इस साल आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में दो बार के ओलंपिक रजत पदक विजेता मलेशिया के ली चोंग वेई को पहले ही दौर में हराया था। वह हालांकि पिछले काफी समय से खिताब जीतने में विफल रहे थे।

आंध्र प्रदेश के प्रणीत ने हालांकि कल अपना पहला ग्रां प्री खिताब जीता। दुनिया के 37वें नंबर के खिलाड़ी प्रणीत को ली के खिलाफ बिलकुल भी पसीना नहीं बहाना पड़ा। प्रणीत ने पहले गेम में जल्द ही 10-2 की बढ़त बनाई और इसके बाद उन्हें तीसरे वरीय कोरियाई के खिलाफ पहले गेम जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। दूसरे गेम में भी प्रणीत ने 8-0 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से गेम, मैच और खिताब अपने नाम किया। शनिवार को ली ने सेमीफाइनल में भारत के शीर्ष वरीय अजय जयराम को 21-9, 21-8 से हराया था जबकि प्रणीत ने फ्रांस के ब्राइस लेवरडेज को कड़े मुकाबले में 22-20, 19-21, 21-12 से शिकस्त दी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल