1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सिंधू आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में

सिंधू आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 16, 2018 11:28 am IST,  Updated : Mar 16, 2018 11:28 am IST

ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू थाईलैंड की निश्चोन जिंडापोल को हराकर आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।

PV Sindhu- India TV Hindi
PV Sindhu

बर्मिंघम: ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू थाईलैंड की निश्चोन जिंडापोल को हराकर आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने एक घंटे सात मिनट तक चला मुकाबला 21-13, 13-21, 21-18 से जीता। 

2013 की चैम्पियन इंतानोन रेचानोक के पहले दौर में बाहर होने के बाद जिंडापोल पर बड़ी जिम्मेदारी थी। उसने बेहतरीन खेल भी दिखाया लेकिन सिंधू हमेशा एक कदम आगे ही रही। इस मैच से पहले सिंधू का उसके खिलाफ रिकार्ड 2-1 का था। उसने अपनी प्रतिद्वंद्वी को कोर्ट के चारों ओर दौड़ाया। पहले गेम में शुरूआती छह अंक तक दोनों बराबरी पर थे लेकिन बाद में सिंधू ने 7-3 की बढत बना ली। उसने बैकहैंड पर शानदार रिटर्न लगाकर बढत 8-3 की कर ली और ब्रेक तक बरकरार रखा। 

ब्रेक के बाद उसकी बढत 15-7 की हो गई। थाई खिलाड़ी भी दोहरे अंक तक पहुंची लेकिन लय कायम नहीं रख सकी और सिंधू ने पहला गेम जीत लिया। 

दूसरे गेम में जिंडापोल ने शानदार वापसी की और आक्रामक खेल दिखाते हुए 7-3 की बढत बना ली। सिंधू का शाट वाइड चला गया जिसके बाद थाई खिलाड़ी ने 11-3 से बढ़त कायम कर ली। जिंडापोल ने कलाई का जबर्दस्त खेल दिखाते हुए 14-10 की बढत बनाई। सिंधू ने लगातार तीन अंक लेकर स्कोर 13-17 कर दिया। दो शाट वाइड जाने से सिंधू ने जिंडापोल को सात अंक लेने का मौका दिया और उसने दूसरा गेम जीतकर मैच को अगले गेम तक खींचा। तीसरे गेम में सिंधू ने लय हासिल करके बेहतर प्रदर्शन किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

इससे पहले बुधवार रात एच एस प्रणय ने आठवीं वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन को 9-21, 21-18, 21-18 से हराया था। अब वह इंडोनेशिया के टामी सुगियार्तो से खेलेंगे । प्रणाव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी ने जर्मनी के मार्विन एमिल सेइडेल और लिंडा एफलेर को 21-19, 21-13 से हराया। अब वह चीन के वांग यिलयू और हुआंग डोंगपिंग से खेलेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल