रियो डी जेनेरियो: दुनिया को ग्लोबल वार्मिग के कहर से बचाने के संदेश के साथ रियो के माराकाना स्टेडियम में शनिवार को 31वें ओलंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह शुरू हो गया है। ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले 200 से अधिक देशों के 10 हजार खिलाड़ियों और अधिकारियों को एक-एक पौधा लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। उद्घाटन समारोह के दौरान ही इन खिलाड़ियों और अधिकारियों को पौधे सौंपे गए।रियो ओलंपिक में कुल 43 खेलों का आयोजन होगा। रियो के 32 तथा 5 अन्य शहरों में स्थित आयोजन स्थलों में ये खेल आयोजित होंगे। 31वें ओलंपिक खेल 5 अगस्त से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेंगे।इस उद्घाटन समारोह से पहले रियो के कोकोवाड़ो पहाड़ पर स्थित सबसे बड़ी ऐतिहासिक मूर्ति 'क्राइस्ट द रीडीमर' को हरे और नीले रंग में जगमगाते देखा गया।दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी पेले खराब तबियत के कारण ओलम्पिक मशाल को नहीं जला पाए। उनके स्थान पर ब्राजील की महिला बीच वॉलीबाल खिलाड़ी मारिया इसाबेल बोररोसो सालगडो ने मशाल को प्रज्जवलित किया।माराकाना स्टेडियम में लाखों की तादाद में बैठे लोगों की आंखों में आतिशबाजी की चमक थी। इस समारोह में 'सिटी ऑफ गॉड' के निर्देशक फर्नाडो मेरेलेस, आंद्रुचा वाशिंगटन और डानिएला थोमस शामिल थे।दक्षिण अमेरिका में पहली बार ओलंपिक का आयोजन हो रहा है। इसे समर ओलंपिक के नाम से जाना जाता है और इसके ठीक बाद रियो में ही पैरालम्पिक खेलों का आयोजन किया जाएगा।