1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलम्पिक (हॉकी): क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का लक्ष्य लेकर उतरेगा भारत

रियो ओलम्पिक (हॉकी): क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का लक्ष्य लेकर उतरेगा भारत

 Written By: IANS
 Published : Aug 11, 2016 12:29 pm IST,  Updated : Aug 11, 2016 12:29 pm IST

रियो डी जनेरियो: रियो ओलम्पिक में अपने दूसरे पूल मैच में अर्जेटीना को हराने वाली जोश से लबरेज भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले अपने अगले मैच में क्वार्टर फाइनल में

 indian hockey- India TV Hindi
indian hockey

रियो डी जनेरियो: रियो ओलम्पिक में अपने दूसरे पूल मैच में अर्जेटीना को हराने वाली जोश से लबरेज भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले अपने अगले मैच में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी। ब्राजील में खेले जा रहे ओलम्पिक में भारत ने आयरलैंड को हरा जीत के साथ शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे ही मैच में मौजूदा चैम्पियन जर्मनी ने भारत को अंतिम क्षणों में न भूलने वाली हार दी। हालांकि भारत ने अगले मैच में अर्जेटीना को 2-1 से हराते हुए प्रतियोगिता में वापसी कर ली है।

अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला हॉकी की दिग्गज टीमों में शुमार नीदरलैंड्स से है। भारतीय टीम ने तीनों मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अंतिम क्षणों में रक्षापंक्ति में उसकी कमजोरी तीनों मैचों में देखी गई है।

कोच रोएलेंट ओल्टमैंस और कप्तान श्रीजेश ने इस पर बेशक ध्यान दिया होगा और नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वह ऐसी गलती दोहराना नहीं चाहेंगे।

वहीं भारतीय आक्रमण पंक्ति ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अर्जेटीना के खिलाफ उन्होंने कई मौके गंवाए। नीदरलैंड्स के खिलाफ उन्हें ऐसा करने से बचना होगा।

श्रीजेश भी जानते हैं कि नीदरलैंड्स के खिलाफ एक भी गलती भारी पड़ सकती है और टीम के सपने को तगड़ा झटका लग सकता है।

अर्जेटीना के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद श्रीजेश ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था, "नीदरलैंड्स विश्व की शीर्ष टीमों में से एक है और उनके खिलाफ जीत हमें आत्मविश्वास देगी। हमारे लिए जरूरी है कि हम अपनी लय बरकरार रखें।"

उन्होंने कहा, "वह अच्छी टीम है और उनके खिलाफ अच्छा करने के लिए हमें मानसिक और शारीरिक तौर पर मजबूत रहना पड़ेगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल