नई दिल्ली: अगले महीने ब्राजील के शहर रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में भारतीय महिला स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और पी.वी सिंधू को महिला एकल मुकाबलों में क्रमश: पांचवीं और नौवीं वरीय मिली है।
वहीं 11वीं वरीयता प्राप्त भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत को पुरुष एकल में नौवीं वरीयता मिली है।
लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक जीतने वाली सायना इस समय विश्व रैकिग में पांचवें स्थान पर हैं। वहीं सिंधू विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर हैं।
वरीय मिलने का आधार गुरुवार तक विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) में हासिल विश्व रैंकिंग हैं। इसी के आधार पर मंगलवार को होने वाले ड्रॉ निकाले जाएंगे। हर एकल मुकाबलों में 13 वरीय हैं।
मलेशिया के ली चोंग वेई और स्पेन की कारोलिना मारिन को क्रमश: पुरुष और महिला एकल में शीर्ष वरीय मिली है।
चोंग वेई के पीछे दो बार के विश्व विजेता चेन लोंग और दो बार के ओलम्पिक विजेता लिन डान हैं। महिला एकल में दो बार की विश्व विजेता मारिन के पीछे चीन की वांग यिहान और मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन ली झुइरूई हैं।
थाईलैंड की रातचानोक इंतानोन को चौथी वरीय मिली है। हालांकि कोई भी युगल जोड़ी वरीय नहीं पा सकी है क्योंकि तीनों श्रेणियों में सिर्फ चार ही वरीय हैं।
पुरुष एकल ड्रॉ में 13 ग्रुप में 41 खिलाड़ी हैं। वहीं महिला एकल में 40 खिलाड़ियों को 13 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में एक वरीय होगी। युगल मुकाबलों के ड्रॉ में चार ग्रुप होंगे जिसमें चार युगल जोड़ी होंगी। हर ग्रुप में एक वरीय खिलाड़ी होगा।
भारत की तरफ से ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा महिला युगल में हिस्सा लेंगी जबकि मनु अत्री और सुमीत रेड्डी पुरुष युगल में उतरेंगे।