1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. इंडोनेशिया ओपन : सायना, श्रीकांत, कश्यप की विजयी शुरुआत, सिंधू बाहर

इंडोनेशिया ओपन : सायना, श्रीकांत, कश्यप की विजयी शुरुआत, सिंधू बाहर

 Written By: IANS
 Published : Jun 03, 2015 09:42 pm IST,  Updated : Jun 03, 2015 09:43 pm IST

जकार्ताः सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने इंडोनेशिया ओपन सुपरसीरीज के पहले दिन बुधवार को जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। सायना के अलावा बुधवार को चौथे

इंडोनेशिया ओपन : सायना,...- India TV Hindi
इंडोनेशिया ओपन : सायना, श्रीकांत, कश्यप की विजयी शुरुआत

जकार्ताः सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने इंडोनेशिया ओपन सुपरसीरीज के पहले दिन बुधवार को जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। सायना के अलावा बुधवार को चौथे विश्व वरीय किदांबी श्रीकांत, राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता पारुपल्ली कश्यप, शीर्ष भारतीय महिला जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा तथा पुरुष जोड़ी प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवालकर ने अपने-अपने अभियान का विजयी आगाज किया।

महिला एकल वर्ग में हालांकि भारत की दूसरे नंबर की खिलाड़ी पी. वी. सिंधू को पहले ही दौर में हारकर बाहर होना पड़ा।

दूसरी वरीय सायना ने पहले दौर के मैच में थाईलैंड की निकाओन जिंदापोन को सीधे सेटों में 21-16, 21-18 से मात दी।

सायना को जिंदापोन ने कड़ी टक्कर दी हालांकि सायना ने धैर्य बरकरार रखते हुए 35 मिनट में यह मैच जीत लिया।

दूसरे गेम में जिंदापोन एक समय 18-17 से बढ़त ले चुकी थीं, हालांकि सायना ने दमदार वापसी करते हुए अगले चार अंक हासिल करने में सिर्फ एक अंक गंवाया।

सायना और जिंदापोन के बीच जीत-हार का आंकड़ा इसके साथ ही 4-0 पहुंच गया।

पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर के मैच में कश्यप ने थाईलैंड के ही तानोंगसाक सेनसोमबूनसूक को 29 मिनट में 21-17, 21-7 से मात दे दी।

कश्यप अब दूसरे दौर में पांचवें वरीय दक्षिण कोरिया के सोन वान हो का सामना करेंगे। दोनों के बीच अब तक हुई चार भिड़ंत में से कश्यप हो को एक बार हरा सके हैं, जबकि तीन बार उन्हें हार झेलनी पड़ी है।

पुरुष एकल वर्ग के ही एक अन्य मुकाबले में चौथे वरीय किदांबी श्रीकांत ने डेनमार्क के हैंस क्रिस्टियन विटिंगस को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 11-21, 21-14, 24-22 से मात दे दी।

श्रीकांत को हालांकि जीत हासिल करने के लिए 50 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा।

भारत को एक और सफलता पुरुष युगल वर्ग में मिली। प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवालकर की भारतीय जोड़ी ने आद्रियान लीयू और एन. जी. डेरिक की कनाडाई जोड़ी को 35 मिनट में 21-17, 22-20 से हरा दिया।

भारत की शीर्ष महिला जोड़ी ज्वाला-अश्विनी ने भी पहले दौर में चीनी ताइपे की या चिंग ह्सू और यू पो पाई की जोड़ी को 21-17, 19-21, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

इससे पहले, महिला एकल वर्ग के मैच में दो बार की विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता सिंधू को हालांकि पहले ही दौर में संघर्ष के बावजूद चीनी ताइपे की ह्सू या चिंग के हाथों हार झेलनी पड़ी।

सिंधू पहला गेम जीतने में सफल रहीं, लेकिन चिंग ने इसके बाद वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत सिंधू को 16-21, 21-15, 21-14 से हरा दिया। सिंधू ने चिंग को 49 मिनट तक संघर्ष के लिए मजबूर किया।

चिंग अब दूसरे दौर में गुरुवार को सायना का सामना करेंगी।

पुरुष एकल वर्ग में सर्वोच्च विश्व वरीय चीन के चेन लोंग ने हांगकांग के वेई हान को 21-19, 21-12 से हरा दिया। मौजूदा विश्व चैम्पियन चेन लोंग अब गुरुवार को दूसरे दौर के मुकाबले में इंग्लैंड के राजीव ओउसेफ से भिड़ेंगे।

दिना का सबसे बड़ा उलटफेर हालांकि 14वें वरीय इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो ने पांच बार के ओलम्पिक चैम्पियन चीन के लिन डैन को हराकर किया।

सुगियार्तो ने लिन को एक घंटा 17 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 19-21, 21-8, 21-16 से मात दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल