रियो डी जनेरियो: क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार चुकीं भारतीय पहलवान साक्षी मलिक रियो ओलम्पिक में बुधवार को अब फ्रीस्टाइल स्पर्धा के 58 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक के लिए रेपचेज मुकाबलों में उतरेंगी। क्वार्टर फाइनल में साक्षी को हराने वाली रूस की पहलवान कोबलोवा झोलोबोवा वालेरिया ने फाइनल में प्रवेश कर लिया, जिससे साक्षी को यह मौका मिला है। हालांकि साक्षी को कांस्य पदक हासिल करने के लिए दो मुकाबले जीतने होंगे।
बुधवार को ही हुए अपने पहले मुकाबले में स्वीडन की पहलवान मलिन जोहान्ना मैटसन को 5-4 से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने मालदोवा की इसानू मारियाना चेरदिवारा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। स्कोर 5-5 से बराबर रहने के बाद साक्षी तकनीकी अंकों के आधार पर जीतने में सफल रहीं थीं।