1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सलमान, ए.आर. रहमान ने रियो जाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया

सलमान, ए.आर. रहमान ने रियो जाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया

 Written By: Agencies
 Published : Jul 18, 2016 05:32 pm IST,  Updated : Jul 19, 2016 10:29 am IST

बॉलीवुड सूपरस्टार सलमान खान और ए.आर. रहमान ने आज रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों का सम्मान किया।

Salman Khan with indian contingent for Olympic- India TV Hindi
Salman Khan with indian contingent for Olympic

नई दिल्ली: बॉलीवुड दिग्गज सलमान खान और ए. आर. रहमान ने सोमवार को रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने जा रहे खिलाड़ियों का सम्मान किया और उन्हें अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। सलमान और रहमान रियो में भारत के सद्भावना दूत नियुक्त किए गए हैं। सद्भावना दूत के तौर पर क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर और दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा का भी चयन किया गया है, लेकिन वे सम्मान समारोह में हिस्सा नहीं ले सके।

सलमान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "आप अपना सर्वश्रेष्ठ दें। बहुत सारी दुआएं आपके साथ हैं। आप वहां जाकर अच्छा खेलें और बाकी ऊपर वाले पर छोड़ दें।सलमान ने खिलाड़ियों से कहा, "आप जितनी देर से वापस लौट सकते हो उतनी देर से वापस लौटें।"

ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीतकार रहमान ने भी खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। रहमान ने कहा, "खेल और संगीत लोगों को जोड़ते हैं। भारत के लिए एक होने का और अपना दम दिखाने का यह सही समय है। हम सबसे युवा राष्ट्र हैं। भारत में ज्यादा से ज्यादा युवा खेल को अपना करियर बना रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "याद रखिए इस दुनिया में नामुमकिन कुछ भी नहीं है, अगर आप अपना दिमाग और ऊर्जा लगाते हैं तो आप सब कुछ हासिल कर सकते हैं। सबसे अहम बात है निरंतरता और कभी न हार मानना।"

रहमान ने कहा, "एक समय भारत के लिए ग्रैमी और ऑस्कर नामुमकिन लगते थे, लेकिन समय आया और हमने यह अवॉर्ड हासिल किए। भगवान और देशवासियों के आर्शिवाद से दुनिया को हमारी ताकत दिखाएं।"

रहमान ने रियो जा रहे 100 से अधिक एथलीटों के सम्मान में अपने लोकप्रिय गीत 'जय हो..' और 'कोई हमसे जीत न पावे चले चलो..' भी गाए। रियो ओलम्पिक का आयोजन पांच से 21 अगस्त तक चलेगा।

भारतीय ओलम्पिक संघ द्वारा आयोजित इस समारोह में रियो जाने वाले सभी खिलाड़ी और कई पूर्व ओलम्पियन शामिल हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल