नई दिल्ली: रियो ओलम्पिक-2016 के लिए चयनति भारतीय कुश्ती दल में शामिल पहलवान संदीप तोमर ने कहा है कि भारतीय कुश्ती दल इस बार ओलम्पिक में आठ पदक हासिल कर सकता है।
इसी साल बैंकॉक में हुई एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले संदीप ने खुद के लिए कहा कि इस बार वह दिग्गज पहलवान सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त की सफलता दोहराना चाहेंगे।
फ्री स्टाइल 75 किलोग्राम भारवर्ग के लिए क्वालीफाई करने वाले संदीप ने भारतीय ओलम्पिक दल की विदाई कार्यक्रम के अवसर पर सोमवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "भारतीय पहलवान सुशील और योगेश्वर की सफलता को दोहराएंगे और पदक लेकर आएंगे।"
उन्होंने कहा, "रियो में आठ पहलवान (महिला एवं पुरुष पहलवान मिलाकर) जा रहे हैं, और सभी पदक ला सकते हैं।"
मंगोलिया के उलानबटोर में हुए विश्व ओलम्पिक क्वालीफायर में तीसरे स्थान पर रहकर रियो के लिए क्वालीफाई करने वाले संदीप का कहना है कि ओलम्पिक में कम समय बचा है और उनका ध्यान अपनी कमियों पर काम करने पर है।
संदीप ने कहा, "ओलम्पिक की तैयारी अच्छी चल रही है। अपने अंदर जो कमियां हैं उनमें सुधार करने की कोशिश है और अभ्यास में इसी पर ध्यान है। तैयारी बहुत अच्छी चल रही है। इतना बड़ा टूर्नामेंट है हर कोई विशेष तैयारी करता है, लेकिन यह ओलम्पिक में जब मुकाबला होगा तब ही दिखेगी।"
संदीप इस समय कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। अपनी तैयारी के बारे में उन्होंने बताया कि वह सुबह और शाम में तीन-तीन घंटे अभ्यास करते हैं।
संदीप का मानना है कि भारतीय पहलवान विश्व के दिग्गज पहलवानों से कहीं भी पीछे नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "भारतीय पहलवान किसी से भी पीछे नहीं हैं। हमारे देश में सुशील कुमार और योगेश्वर जैसे ओलम्पिक पदकधारी हैं। हम किसी से भी पीछे नहीं हैं।"
संदीप चाहते हैं कि भारत के सभी खिलाड़ी ओलम्पिक में पदक हासिल करें। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं और भगवान से दुआ करता हूं कि ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले भारत के सभी खिलाड़ी पदक जीत कर लौटें।"
अगले महीने से ब्राजील के शहर रियो डी जेनेरियो में शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों के बाद संदीप ने राष्ट्रमंडल खेलों को अपना अगला लक्ष्य बताया है।