1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सानिया और हिंगिस को इटालियन ओपन का खिताब

सानिया और हिंगिस को इटालियन ओपन का खिताब

 Written By: Bhasha
 Published : May 16, 2016 08:09 am IST,  Updated : May 16, 2016 08:09 am IST

रोम: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने रविवार को यहां एक संघर्षपूर्ण मैच में इकटेरिना मकरोवा और इलेना वेसनिना की जोड़ी को हराकर डब्ल्यूटीए इटालियन ओपन में महिला

Martina Hingis, Sania Mirza- India TV Hindi
Martina Hingis, Sania Mirza

रोम: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने रविवार को यहां एक संघर्षपूर्ण मैच में इकटेरिना मकरोवा और इलेना वेसनिना की जोड़ी को हराकर डब्ल्यूटीए इटालियन ओपन में महिला युगल का खिताब जीता जो क्लेकोर्ट पर उनकी पहली खिताबी जीत भी है। सानिया और हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मकारोवा और वेसनिना की सातवीं वरीय रूसी जोड़ी को डेढ़ घंटे तक चले मैच में 6-1, 6-7, 10-3 से हराया और इस तरह से फरवरी के बाद अपना पहला खिताब जीता। विंबलडन, यूएस ओपन और आस्ट्रेलियाई ओपन जीतने वाली सानिया और हिंगिस की निगाह अब फ्रेंच ओपन जीतकर लगातार चारों ग्रैंडस्लैम जीतने का रिकार्ड अपने नाम करने पर लगी है। सानिया का यह 37वां युगल खिताब है जबकि हिंगिस ने अपना 55वां खिताब हासिल किया। टीम के रूप में इन दोनों का यह इस सत्र में पांचवां खिताब है। क्ले कोर्ट सत्र शुरू होने के बाद सानिया और हिंगिस लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची थी लेकिन पोर्श टेनिस ग्रां प्री और मैड्रिड ओपन दोनों के फाइनल में कारोलिन गर्सिया और क्रिस्टीना मलडेनोविच से हार झेलनी पड़ी थी। फ्रेंच ओपन से पहले हालांकि इस जीत से उनका रोलां गैरां के लिये मनोबल बढ़ेगा।

सानिया और हिंगिस ने पहले सेट में पूरा दबदबा बनाये रखा। उन्होंने 2013 की फ्रेंच ओपन चैंपियन टीम की दो बार सर्विस तोड़ी। इस बीच रूसी जोड़ी एक बार भी ब्रेक प्वाइंट लेने की स्थिति में नहीं पहुंची। दूसरा सेट हालांकि काफी कड़ा रहा। सानिया और हिंगिस ने हालांकि तीसरे गेम में ब्रेक प्वाइंट लेकर 2-1 से बढ़त बना ली लेकिन अगले गेम में वे अपनी सर्विस नहीं बचा पायी। वेसनिना ने इस बीच कुछ अच्छे रिटर्न किये जिससे स्कोर 5-5 से बराबरी पर पहुंच गया। टाईब्रेक में रूसी जोड़ी ने शुरू में ही 4-0 की बढ़त बना दी। सानिया और हिंगिस ने स्कोर 4-5 करके वापसी की। लेकिन आखिर में वेसनिना की वाली से रूसी जोड़ी ने टाईब्रेकर 7-5 से जीतकर यह सेट अपने नाम किया। सानिया और हिंगिस ने सुपर टाईबे्रक में अपने अनुभव का अच्छा इस्तेमाल किया। उन्होंने 8-3 से बढ़त बनाकर रूसी टीम पर दबाव बना दिया था। मकारोवा ने वाली नेट पर मार दी जिससे भारतीय स्विस जोड़ी ने खिताब जीत दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल