लंदन: सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी आज यहां हंगरी की टिमिया बाबोस और कजाखस्तान की यारोस्लावा श्वेदोवा से सीधे सेटों में हारकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गयी।
भारतीय स्टार सानिया और उनकी स्विस जोड़ीदार हिंगिस की मौजूदा चैंपियन जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में बाबोस और श्वेदोवा की पांचवीं वरीय जोड़ी से 2-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच एक घंटा नौ मिनट तक चला जिसमें यूएस ओपन और आस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन जोड़ी किसी भी समय रंग में नहीं दिखी।
इस हार से सानिया का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अभियान भी समाप्त हो गया। मिश्रित युगल में उनकी और क्रोएशिया के इवान डोडिग की जोड़ी पहले ही हारकर बाहर हो चुकी थी। हिंगिस की मिश्रित युगल में चुनौती बनी हुई है जहां उन्होंने भारत के लिएंडर पेस के साथ मिलकर तीसरे दौर का मैच खेलना है।
सानिया और हिंगिस को शुरू से अपनी सर्विस पर नियंत्रण रखने में दिक्कत हुई। पहले सेट में बाबोस और श्वेदोवा ने तीसरे और सातवें गेम में इस शीर्ष वरीय जोड़ी की सर्विस तोड़ी। तीसरे गेम में हिंगिस ने डबल फाल्ट करके अंक गंवाया और फिर वह अपनी सर्विस पर टीम को अंक दिलाने में नाकाम रही।