न्यूयॉर्क: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनके जोड़ीदार क्रोएशिया के इवान डॉडिग अमेरिकी ओपन के मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में अपना मैच गंवाकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। भारतीय और क्रोएशियाई खिलाड़ी की टॉप सीड जोड़ी को रविवार को दूसरे दौर के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
कोर्ट-5 पर हुए इस मुकाबले में भारतीय-क्रोएशियाई जोड़ी को चेक गणराज्य की बारबरा क्रेजसिकोवा और क्रोएशिया के मारिन ड्रैगांजा की गैरवरीय जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हरा दिया। टॉप सीड सानिया-डोडिग की जोड़ी पहले सेट में बिल्कुल भी लय में नहीं नजर आई और अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप खेल दिखाने में नाकाम रही। इन दोनों की जोड़ी ने सिर्फ 27 मिनट के अंदर ही पहला सेट गंवाकर अपने हार की जमीन तैयार कर दी।
पहला सेट जीतने के बाद बारबरा और मारिन की जोड़ी पूरे उत्साह में आ गई। उत्साह से लबरेज बारबरा-मारिन की जोड़ी ने दूसरे सेट में भी अपना दबदबा कायम रखा और बेहद ही आसानी से यह मैच अपने नाम कर लिया। बारबरा-मारिन की जोड़ी सानिया-डोडिग से हर मायने में आगे रही और भारतीय-क्रोएशियाई जोड़ी को कभी मुकाबले में आने ही नहीं दिया।
बारबरा-मारिन की विजेता जोड़ी ने 3 एस और 25 विनर्स लगाए, जबकि 4 डबल फॉल्ट और 10 गैर वाजिब गलतियां कीं। वहीं सानिया-डॉडिग की बात की जाए तो उन्होंने सिर्फ 2 एस और 19 विनर्स लगाने में कामयाबी पाई, जबकि 4 डबल फॉल्ट और 14 गैरवाजिब गलतिया कीं। सानिया-डॉडिग आठ में सिर्फ 4 ब्रेक पॉइंट हासिल कर सके और यह मुकाबला तरह हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।