विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश): तेलंगाना सरकार द्वारा सम्मनित किए जाने के एक दिन बाद ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू का रियो खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए आज यहां आंध्र प्रदेश सरकार ने भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे से जब खुली गाड़ी में सिंधू का काफिला इंदिरा गांधी स्टेडियम के लिए निकला तो विजयवाड़ा की सड़कों में बड़ी संख्या में लोग उनकी झलक पाने के लिए मौजूद थे। इस दौरान उनके कोच पुलेला गोपीचंद भी उनके साथ मौजूद थे।
सफेद पोशाक पहने सिंधू के गले में रजद पदक था और वह हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन कर रही थी जबकि गोपीचंद तिरंगा लहरा रहे थे। इस दौरान ड्रम बजाया जा रहा था और प्रशंसक इस बैडमिंटन खिलाड़ी की हौसला अफजाई कर रहे थे। गाड़ी में इस दौरान आंध्र प्रदेश बैडमिंटन संघ के सीईओ और भारतीय बैडमिंटन संघ के प्रतियोगिता सचिव के पुनैया चौधरी, सिंधू के पिता पूर्व वालीबाल खिलाड़ी पीवी रमन्ना आदि मौजूद थे। बाद में स्टेडियम में सिंधू और गोपीचंद को सम्मानित किया गया और इस दौरान इस बैडमिंटन खिलाड़ी को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ मंच पर बैडमिंटन खेलते हुए भी देखा गया। विश्व चैम्पियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता सिंधू को फाइनल में स्पेन की कैरोलिना मारिन के खिलाफ शिकस्त से रजत पदक से संतोष करना पड़ा था और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला हैं।