वुहान (चीन): विश्व चैम्पियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकी और लंबे समय बाद वापसी कर रहीं पी. वी. सिंधू ने 200,000 डॉलर इनामी राशि वाले बैंडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप में बुधवार को उज्बेकिस्तान की एनेत कुरशुडयान को हराकर महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। आठवीं वरीय सिंधू पैर की चोट के कारण जनवरी से ही कोर्ट से बाहर चल रही थीं। तीन महीनों में अपना पहला मैच खेल रहीं सिंधू ने दूसरे दौर के मुकाबले में एनेत को केवल 16 मिनट में 21-6, 21-5 से हराया।
विश्व की 12वीं वरीय खिलाड़ी सिंधू को पहले दौर में बाइ मिला था। वह अब मकाउ की तेंग इयोक यू से भिड़ेंगी। दोनों खिलाड़ी पहली बार एक-दूसरे का सामना करेंगे।
दूसरी ओर, पुरुष युगल वर्ग से भारतीय प्रशंसकों के लिए बुरी खबर आई। जापान के हिरोयुकी एंडो और केनिचि हायाकावा की चौथी वरीय जोड़ी ने भारत के अक्षय देवाल्कर और प्रणव चोपड़ा को दूसरे दौर में 36 मिनट में 21-15, 21-17 से हराया।