1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फ्रेंच ओपन के फाइनल में सोफिया केनिन का इगा स्वियातेक से होगा सामना

फ्रेंच ओपन के फाइनल में सोफिया केनिन का इगा स्वियातेक से होगा सामना

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 09, 2020 11:59 am IST,  Updated : Oct 09, 2020 11:59 am IST

अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त सोफिया केनिन ने फ्रेंच ओपन महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका सामना पोलैंड की गैर वरीय इगा स्वियातेक से होगा।

फ्रेंच ओपन के फाइनल...- India TV Hindi
फ्रेंच ओपन के फाइनल में सोफिया केनिन का इगा स्वियातेक से होगा सामना Image Source : AP

पेरिस। अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त सोफिया केनिन ने फ्रेंच ओपन महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका सामना पोलैंड की गैर वरीय इगा स्वियातेक से होगा । इस साल आस्ट्रेलियाई ओपन जीत चुकी केनिन ने सातवीं वरीयता प्राप्त पेत्रा क्वितोवा को 6-4 , 7-5 से शिकस्त दी। इस सत्र में केनिन का ग्रैंडस्लैम रिकार्ड 16-1 का है। स्वियातेक ने अर्जेंटीना की क्वालीफायर नादिया पोडोरोस्का को 6-2, 6-1 से परास्त किया।

उन्नीस वर्ष की इस खिलाड़ी की रैंकिंग 54वीं है और उसने कभी टूर स्तर का खिताब भी नहीं जीता है। किसी ग्रैंडस्लैम में वह चौथे दौर से आगे नहीं गई। वह 1975 में कम्प्यूटर रैंकिंग शुरू होने के बाद से रोलां गैरो पर महिला एकल फाइनल में पहुंचने वाली सबसे निचली रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन गई।

उसने कहा, ‘‘यह सपने जैसा है। मुझे पता है कि मैं बेहतरीन टेनिस खेल सकती हूं लेकिन मैं अपने प्रदर्शन पर हैरान भी हूं। मैने कभी सोचा नहीं था कि फाइनल में पहुंच सकूंगी।’’ उसने चौथे दौर में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सिमोना हालेप को 6-1, 6-2 से हराया।

इससे पहले 2019 की उपविजेता मार्केटा वोंड्रूसोवा को मात दी। वह महिला युगल में भी अमेरिका की निकोल मेलिचर के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अगर वह दोनों खिताब जीतती है तो 2000 में मैरी पियर्स के बाद फ्रेंच ओपन एकल और महिला युगल खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल