यूजीन (अमेरिका): चीन के फर्राटा धावक सू बिंग्टियान 100 मीटर स्पर्धा में 10 सेकेंड से कम समय निकालने वाले आधिकारिक तौर पर पहले एशियाई खिलाड़ी बन गए। यूजीन ग्रांप्री. में शनिवार को सू ने 9.99 सेकेंड का समय निकाला और तीसरे स्थान पर रहे।
अमेरिका के टायसन गे 9.88 सेकेंड समय के साथ विजेता रहे, जबकि माइक रोजर्स 9.90 सेकेंड समय के साथ दूसरा स्थान हासिल कर सके।
रेस के बाद 25 वर्षीय चीन के सू ने कहा, "मैं अपने परिणाम से बेहद खुश हूं। अब मैं अपना नाम इतिहास में दर्ज करवा सकता हूं तथा और कम समय निकालने के लिए कठिन मेहनत करूंगा।"
एशियाई मूल के एथलीट लंबे समय से यह कीर्तिमान छूना चाहते थे और पिछले साल एशियाई खेलों में कतर के फेमी ओगुनोडे 9.93 सेकेंड समय के साथ एशिया के सबसे तेज धावक बने।
इससे पहले चीन के ही झांग पेइमेंग ने 2013 में मास्को में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10.0 सेकेंड में 100 मीटर रेस पूरी की।
जापान के योशिहिदे कीरयू ने इसी वर्ष मार्च में आस्टीन मीट में 9.87 सेकेंड समय निकालकर सनसनी मचा दी थी, लेकिन हवा की गति से मिली मदद के कारण उनके इस रिकॉर्ड को मान्यता नहीं दी गई।
सू ने कहा, "निश्चित तौर पर यह मेरे लिए उत्साहवर्धक है। पिछली बार मास्को में झांग पेइमांग 10.0 सेकेंड समय के साथ नौवां स्थान हासिल कर सके थे। उसके बाद से ही मुझे लगने लगा था कि हम 10 सेकेंड की बाधा तोड़ने के काफी करीब हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "उम्मीद है कि इस वर्ष विश्व चैम्पियनशिप में मैं अपने देश के लिए 100 मीटर और चार गुणा 100 मीटर रिले रेस में कुछ करिश्माई कर पाऊं।"