1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड पहुंचे तब भी तय समय पर ही होगा विंबलडन फाइनल

विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड पहुंचे तब भी तय समय पर ही होगा विंबलडन फाइनल

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 09, 2018 08:02 pm IST,  Updated : Jul 09, 2018 08:02 pm IST

ब्रिटिश फुटबॉल प्रेमियों का मानना है कि ब्रिटेन के फाइनल में पहुंचने पर उन्हें दोनों फाइनल का समय टकराने से दिक्कत होगी।

रोजर फेडरर- India TV Hindi
रोजर फेडरर

ऑल इंग्लैंड क्लब के प्रमुख ने कहा है कि फुटबॉल विश्व कप के खिताबी मुकाबले और विंबलडन पुरुष एकल के फाइनल के बीच समय का संभावित टकराव होने के बावजूद ये मैच अपने पारंपरिक समय पर ही शुरू होगा। रविवार को पुरुष एकल का फाइनल स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार दोपहर एक बजे) शुरू होगा जबकि विश्व कप का फाइनल मॉस्को में ब्रिटिश समयानुसार शाम चार बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार दोपहर तीन बजे) शुरू होगा।

इसे देखते हुए विंबलडन के आयोजकों पर मैच के समय में बदलाव करने का काफी दबाव बढ़ गया है क्योंकि ब्रिटिश फुटबॉल प्रेमियों का मानना है कि ब्रिटेन के फाइनल में पहुंचने पर उन्हें दोनों फाइनल का समय टकराने से दिक्कत होगी। ऑल इंग्लैंड क्लब के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड लुई ने कहा, ‘‘हमने दोपहर दो बजे का ही समय बनाए रखने का फैसला किया है। इस साल यही समय होगा, अगले साल भी यही समय होगा।’’

इंग्लैंड बुधवार को विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मैच में क्रोएशिया से भिड़ेगा। अगर इंग्लैंड रविवार को होने वाले फाइनल में पहुंचता है और संभव है कि विंबलडन में पुरूष एकल का मुकाबला तब तक खत्म ना हो खासकर अगर मैच रोजर फेडरर एवं राफेल नडाल के बीच होता है तो। दस साल पहले दोनों दिग्गजों के बीच हुए फाइनल में नडाल ने फेडरर को पांच सेट में खिंचे ऐतिहासिक मुकाबले में हराया था। तब मैच चार घंटे 48 मिनट तक चला था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल