1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फुटबॉल फैंस को लगा तगड़ा झटका, अगले महीने भारत नहीं आएंगे मेसी

फुटबॉल फैंस को लगा तगड़ा झटका, अगले महीने भारत नहीं आएंगे मेसी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 25, 2025 10:31 am IST,  Updated : Oct 25, 2025 10:31 am IST

भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए अच्छी खबर नहीं है। मेसी का केरल दौरा स्थगित हो गया है। मेसी को अगले महीने कोच्चि में एक मैच खेलना था।

Messi- India TV Hindi
मेसी Image Source : GETTY

Leonel Messi: भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक बड़ी निराशा की खबर आई है। अर्जेंटीना फुटबॉल टीम और उसके सुपरस्टार कप्तान लियोनेल मेसी अब अगले महीने भारत के केरल राज्य का दौरा नहीं करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित दौरे के प्रायोजक एंटो ऑगस्टीन ने शनिवार को आधिकारिक रूप से घोषणा की कि कोच्चि में प्रस्तावित मैत्री मैच नवंबर में नहीं होगा।

दरअसल, इससे पहले ऑगस्टीन ने केरल के खेल विभाग के साथ मिलकर यह घोषणा की थी कि 17 नवंबर को अर्जेंटीना की टीम मेसी की अगुवाई में कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में एक फ्रेंडली मैच खेलेगी। इस घोषणा के बाद पूरे देश के फुटबॉल फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। लेकिन अब इस मैच के टलने से फुटबॉल फैंस की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।

फेसबुक पोस्ट से हुआ खुलासा

एंटो ऑगस्टीन ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि फीफा की अनुमति मिलने में देरी को देखते हुए, अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) से चर्चा के बाद हमने मैच को नवंबर की अंतरराष्ट्रीय विंडो से स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह मैच अब अगले अंतरराष्ट्रीय सत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

हालांकि, केरल सरकार को अब तक इस स्थगन की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहमान के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग इस संबंध में जल्द ही प्रायोजकों और आयोजकों से संपर्क करेगा और स्थिति की पुष्टि करेगा।

नई तारीख पर लगी निगाहें

इससे पहले अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के प्रतिनिधि कोच्चि पहुंचे थे और उन्होंने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की सुविधाओं का निरीक्षण भी किया था। आयोजन की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन अब इस अचानक आए फैसले से आयोजकों और प्रशंसकों दोनों में निराशा की लहर दौड़ गई है। फुटबॉल फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना टीम केरल का जल्द दौरा करेगी। फैंस की नजरें अब अगली तारीख पर लगी है ताकि वह अपने फुटबॉल आइकन को भारतीय सरजमीं पर खेलते देख सकें। 

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

तीसरे ODI में क्यों नहीं खेल रहे नितीश कुमार रेड्डी? BCCI ने दिया बड़ा अपडेट

कप्तान शुभमन गिल ने करवाई इन 2 प्लेयर्स की वापसी, क्लीन स्वीप से बचने के लिए लिया बड़ा फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल