चीन के निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 में 11 अप्रैल को खेले गए पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जिसमें 20 साल के भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने गत चैंपियन और मौजूदा वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी कुन्लावत वितिदसर्न को मात देने के साथ फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। इसी के साथ 60 साल बाद किसी भारतीय खिलाड़ी ने मेंस सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई है। तीन सेटों तक चले सेमीफाइनल मैच में आयुष शेट्टी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन बाद में वह ये मुकाबला 2-1 के अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे।
पहले सेट में मिली हार, फिर की शानदार वापसी
आयुष शेट्टी का बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 में सेमीफाइनल तक का सफर काफी शानदार देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। वहीं सेमीफाइनल मैच में उनका सामना वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी कुन्लावत वितिदसर्न से था, जिनके खिलाफ जीत हासिल करना आसान काम नहीं रहने वाला था। आयुष शेट्टी के लिए इस मैच की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्हें पहले सेट में 10-21 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद आयुष ने दूसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए कुन्लावत वितिदसर्न को कड़ी टक्कर दी जिसमें वह ये सेट 21-19 के अंतर से जीतने में कामयाब रहे और मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
तीसरे सेट में भी आयुष ने अपने दबदबे को रखा बरकरार
इस सेमीफाइनल मुकाबले में दो सेट के बाद मैच 1-1 से बराबर होने पर सभी की नजरें आखिरी और निर्णायक सेट पर थी। आयुष शेट्टी ने इस सेट में अपने दबदबे को बरकरार रखने के साथ 21-17 के अंतर से उसे अपने नाम किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। आयुष शेट्टी और कुन्लावत वितिदसर्न के बीच में ये सेमीफाइनल मुकाबला लगभग 75 मिनट तक चला। इस जीत के साथ आयुष शेट्टी ने 60 साल बाद भारत के लिए इतिहास रचा और कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है। अब फाइनल में आयुष का सामना चीनी ताइपै के चौथी वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन या दूसरी वरीयता प्राप्त चीन के शि यू की से होगा।
ये भी पढ़ें
फीफा वर्ल्ड कप से लगातार तीसरी बार चूकी इटली, ग्रुप स्टेज की सभी 48 टीमें हुई तय
नीरज चोपड़ा के फैंस को झटका, दोहा डायमंड लीग टली, वेस्ट एशिया तनाव बना वजह