1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. AFG के खिलाफ मैच से पहले भारत को लगा बहुत बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट से हुआ बाहर

AFG के खिलाफ मैच से पहले भारत को लगा बहुत बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट से हुआ बाहर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 03, 2025 12:43 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 12:43 pm IST

CAFA नेशंस कप 2025 में भारतीय टीम के लिए बुरी खबर आई है। भारतीय टीम का स्टार खिलाड़ी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

Sandesh Jhingan- India TV Hindi
संदेश झिंगन Image Source : AP

भारतीय फुटबॉल टीम को CAFA नेशंस कप 2025 में बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी डिफेंडर संदेश झिंगन चोटिल हो गए हैं और टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। झिंगन को यह चोट ईरान के खिलाफ भारत की 0-3 की हार के दौरान लगी थी।

टीम इंडिया का अफगानिस्तान से सामना

32 साल के झिंगन की गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ी चिंता है, क्योंकि टीम को 4 सितंबर को अपने तीसरे और अंतिम ग्रुप-बी मैच में मजबूत अफगानिस्तान का सामना करना है। वर्तमान में भारत ग्रुप में चार टीमों में से दूसरे स्थान पर है। टीम ने दो मैचों में से एक जीतकर तीन अंक जुटाए हैं। भारत ने पहले मैच में मेजबान ताजिकिस्तान को रोमांचक अंदाज में हराया था, लेकिन दूसरे मैच में एशियाई दिग्गज और FIFA रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज ईरान से हार गया। पॉइंट्स टेबल में ईरान 6 पॉइंट के साथ शीर्ष पर है। भारत के अगले चरण में पहुंचने की उम्मीदें अब अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले पर टिकी हैं।

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट किया - डिफेंडर संदेश झिंगन को ईरान के खिलाफ मैच में चोट लगी थी और वह टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। वह आज भारत लौट रहे हैं।

भारत (वर्ल्ड रैंकिंग 133) ने ताजिकिस्तान (रैंकिंग 106) के खिलाफ अपने शुरुआती मैच में शानदार जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में डिफेंडर अनवर अली (5वें मिनट) और संदेश झिंगन (13वें मिनट) ने गोल दागे थे। यह टूर्नामेंट, जिसमें ज्यादातर सेंट्रल एशियाई देश हिस्सा ले रहे हैं, भारत के लिए बेहद अहम है। इसकी मदद से टीम अक्टूबर में सिंगापुर के खिलाफ होने वाले एशियन कप क्वालिफायर मैचों (9 और 14 अक्टूबर) की तैयारी करेगी।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल