चेन्नई में खेले जाने वाले ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट को एक दिन के लिए स्थगित किया है। इस टूर्नामेंट का आयोजन अब 07 अगस्त को होगा। दरअसल जिस होटल में चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स टूर्नामेंट का आयोजन होना है वहां आग लग गई, इस वजह से आयोजकों को ये फैसला लेना पड़ा। चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स टूर्नामेंट में भारत और अन्य देश के कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह इस टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण है।
भारतीय ग्रैंडमास्टर और टूर्नामेंट के निदेशक श्रीनाथ नारायण ने एक्स पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि पिछली रात उस होटल में आग लग गई जहां चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स का आयोजन होना था। सभी खिलाड़ी इस वक्त सुरक्षित हैं और उन्हें पास के एक अन्य होटल में भेजा गया है। टूर्नामेंट एक दिन के लिए स्थगित किया गया है। हालांकि खिलाड़ियों को बाद में होटल वापस लाया गया, लेकिन सुरक्षा जांच के बाद टूर्नामेंट एक दिन बाद शुरू होगा।
15 अगस्त को होगा टूर्नामेंट का अंत
चेसबेस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई के होटल हयात रीजेंसी के नौवें तल्ले पर आग लगी, जिस कारण पूरे होटल में धुआं भर गया और सभी लोगों को होटल से बाहर निकाला गया। आग लगने के बाद वहां मौजूद लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। टूर्नामेंट के आयोजकों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से बताया कि मैच का समय वही रहेगा, लेकिन अब इस कार्यक्रम में कोई रेस्ट डे नहीं होगा। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का समय वही रहेगा और टूर्नामेंट 15 अगस्त को ही समाप्त होगा। बीच में एक दिन का रेस्ट डे था और अब वह कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है।
चैंपियन प्लेयर को मिलेगा एक करोड़ का इनाम
चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स जीतने वाले को एक करोड़ की इनामी राशि दी जाएगी। इस प्रतियोगिता में भारत के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरिगेसी, अनुभवी विदित गुजराती और नीदरलैंड के अनीश गिरी जैसे नामी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। वर्ल्ड के पांचवें नंबर के खिलाड़ी एरिगेसी अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के अवॉन्डर लियांग के खिलाफ करेंगे। पहली बार इसमें मास्टर्स और चैलेंजर्स वर्ग में क्लासिकल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में नौ से अधिक राउंड खेले जाएंगे। इससे पहले दो सत्र में सात दौर ही खेले जाते थे। इसमें 19 ग्रैंडमास्टर्स भाग लेंगे और फिडे सर्किट अंक भी मिलेंगे जो 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह पाने के लिए अहम होंगे।
INPUT: PTI