Commonwealth Games 2022 HIGHLIGHTS: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आयोजन इंग्लैंड की सिटी बर्मिंघम में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक होगा। भारत की तरफ से इस बार 215 खिलाड़ियों का दल इन खेलों के लिए जाएगा। वहीं पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है। क्रिकेट टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। आखिरी बार 1998 में क्रिकेट कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल था जिसमें पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया था।
बर्मिंघम 2022 के लिए भारत की तरफ से टेबल टेनिस टीम में आठ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें चार पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। इनके अलावा दो रिजर्व खिलाड़ी मानुष शाह और स्वास्तिका घोष भी टीम के साथ यात्रा कर रहे हैं। भारत की तरफ से शरथ कमल, साथियान ज्ञानशेखरन, सानिल शेट्टी, हरमीत देसाई, मनिका बत्रा, दीया चितले, श्रीजा अकुला, रीथ ऋषि टीम का हिस्सा हैं।
भारत की स्क्वॉश टीम भी राष्ट्र्मंडल खेलों में भाग लेने के लिए रविवार को बर्मिंघम रवाना हो गई। इस खेल में भारत से कुल 9 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इनमें सौरव घोषाल (पुरुष एकल और मिश्रित युगल), रामित टंडन (पुरुष एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल), अभय सिंह (पुरुष एकल और पुरुष युगल), जोशना चिनप्पा (महिला एकल, महिला युगल और मिश्रित युगल), सुनयना कुरुविला (महिला एकल), अनाहत सिंह (महिला एकल), दीपिका पल्लीकल (महिला युगल और मिश्रित युगल), हरिंदर पाल सिंह संधू (पुरुष युगल), वेलावन सेंथिलकुमार (पुरुष युगल)
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए शनिवार 24 जुलाई को भारतीय जिमनास्टिक्स टीम ने बर्मिंघन के उड़ान भरी। जिमनास्टिक्स टीम में 7 सदस्य शामिल हैं। टीम में शामिल खिलाड़ियों के नाम हैं- सत्यजीत मंडल (पुरुष इवेंट), योगेश्वर सिंह (पुरुष इवेंट), सैफ तम्बोली (पुरुष इवेंट), प्रणति नायक (महिला इवेंट), ऋतुजा नटराज (महिला इवेंट), प्रोतिश्ता समता (महिला इवेंट), बवलीन कौर (महिला इवेंट)।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए शनिवार 24 जुलाई को भारतीय साइकलिंग टीम रवाना बर्मिंघन के लिए हुई। भारतीय साइकलिंग टीम में 13 सदस्य शामिल हैं। टीम में शामिल खिलाड़ियों के नाम हैं- वाई रोहित सिंह (पुरुष इवेंट), एल रोनाल्डो सिंह (पुरुष इवेंट), ई डेविड बेकहम (पुरुष इवेंट) इसॉ एल्बेन (पुरुष इवेंट), विश्वजीत सिंह (पुरुष इवेंट), नमन कपिल (पुरुष इवेंट), वेंकप्पा शिवप्पा केंगालुगुट्टी (पुरुष इवेंट), दिनेश कुमार (पुरुष इवेंट), अनंत नारायण (पुरुष इवेंट), त्रियाशा पॉल (महिला इवेंट), मीनाक्षी (महिला इवेंट), शशिकला अगाशे (महिला इवेंट), मयूरी धनराज लूटे (महिला इवेंट)।
राष्ट्रमंडल खेलों में 12 साल पहले पदार्पण करते हुए महिला युगल में एतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की युगल विशेषज्ञ बैडमिंटन खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा चौथी बार इन खेलों में हिस्सा लेने वाली हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण सहित पांच पदक, विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली दो बार की ओलंपियन अश्विनी 28 जुलाई से शुरू हो रहे खेलों में एक बार फिर अपना दम दिखाने को तैयार हैं।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने शनिवार को कहा कि ब्रिटेन पहुंचने कर मौसम के अनुकूल ढलने के बाद यह टीम राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के लिए जी-जान लगा देगी। टीम 28 जुलाई से आठ अगस्त तक चलने वाले खेलों में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को बर्मिंघम रवाना हुई।
मौजूदा विश्व चैंपियन निकहत जरीन पर भी सभी की निगाहें टिकी रहेंगी जो अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। निकहत ने हाल में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिताब जीता और इसके बाद प्रतिष्ठित स्ट्रेंडजा मेमोरियल टूर्नामेंट और फिर विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किये। यह अलग बात है कि इस 26 वर्षीय मुक्केबाज को राष्ट्रमंडल खेलों में अलग तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। निकहत 52 किग्रा में खेलती हैं लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों में उन्हें 50 किग्रा में भाग लेना होगा।
भारतीय मुक्केबाज जब राष्ट्रमंडल खेलों में रिंग पर उतरेंगे तो अमित पंघाल टोक्यो ओलंपिक खेलों की निराशा जबकि लवलीना बोरगोहेन विश्व चैंपियनशिप के लचर प्रदर्शन को भुलाकर वापसी करने की कोशिश करेंगी।
राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने गई भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच रमेश पवार ने रवानही से पहले कहा कि, अगर मौका मिला तो वह बर्मिंघम में बैडमिंटन सुपरस्टार पीवी सिंधू और टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा से मिलना चाहेंगे।
भारतीय टीम को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और बारबाडोस के साथ रखा गया है। 29 जुलाई को टीम इंडिया पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलेगी। फिर 31 जुलाई को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला होगा। 3 अगस्त को हरमनप्रीत कौर की टीम बारबाडोस से भिड़ेगी। 7 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच होगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर काफी उत्साहित हैं। शनिवार को बर्मिंघम रवानगी से पहले उन्होंने प्रेस कांफ्रेस में कहा, ‘‘यह टूर्नामेंट हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस बार हम पदक के लिये खेल रहे हैं। अगर मैं खुद के बारे में बात करूं तो हम इस तरह के टूर्नामेंट देखते हुए बड़े हुए हैं और हम खुश हैं कि हमें भी एक मौका मिल रहा है, हम भी इस बड़ी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। ’मुझे लगता है कि अगर हमें इस तरह के मौके मिलते रहे तो यह भविष्य में हमारे लिये शानदार होगा। हम प्रत्येक पदक का जश्न मनाना चाहते हैं। यह अनुभव हमारे लिये पूरी तरह से अलग होगा, जिससे हम बहुत उत्साहित हैं।’’
संपादक की पसंद