1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. US ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे डिफेंडिंग चैंपियन अल्काराज, शेल्टन से होगा मुकाबला

US ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे डिफेंडिंग चैंपियन अल्काराज, शेल्टन से होगा मुकाबला

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 07, 2026 02:42 pm IST,  Updated : Sep 07, 2026 02:42 pm IST

डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने न्यूयॉर्क में खेले जा रहे US ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं सबालेंका भी अगले राउंड में पहुंच गई है।

carlos alcaraz- India TV Hindi
कार्लोस अल्काराज Image Source : AP

US ओपन 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। न्यूयॉर्क में खेले गए मेंस सिंगल्स मुकाबले में उन्होंने अमेरिका के टॉमी पॉल को सीधे सेटों में 6-4, 6-3, 6-4 से हरा दिया। इस जीत के साथ ग्रैंड स्लैम मैचों में उनकी लगातार 18वीं जीत दर्ज हुई है और इस पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक केवल एक सेट गंवाया है। अब क्वार्टर फाइनल में अल्काराज का सामना अमेरिका के 8वीं सीड बेन शेल्टन से होगा।

कार्लोस अल्काराज ने 4 महीने के बाद की वापसी

दाहिनी कलाई में चोट लगने की वजह से कार्लोस अल्काराज लगभग चार महीने तक टेनिस कोर्ट से दूर रहे थे और इस टूर्नामेंट से ही उन्होंने वापसी की है। अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उनका सामना अमेरिका के 8वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बेन शेल्टन से होगा। बेन शेल्टन ने अपने मैच में स्टेफानोस सिटसिपास को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-4 से हराकर अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की की है। खास बात यह है कि अल्काराज ने पॉल को चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में हराया है। इस उपलब्धि के साथ अल्काराज ओपन एरा में किसी एक खिलाड़ी को चारों ग्रैंड स्लैम में हराने वाले सिर्फ 10वें पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।

मैच खत्म होने के बाद अल्काराज ने क्या कहा?

मैच खत्म होने के बाद अल्काराज ने अपनी जीत पर बात करते हुए बताया कि उन्होंने पूरी तरह से अपने स्वाभाविक अंदाज में खेलने पर ध्यान दिया। टॉमी पॉल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पॉल एक बहुत बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके तेज शॉट्स को संभालना आसान नहीं होता, इसलिए उन्होंने शुरू से ही हमलावर रुख बनाए रखा। अल्काराज ने आगे बताया कि उनकी रणनीति पॉल को कोर्ट पर हावी होने से रोकने की थी। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी के सर्विस रिटर्न पर लगातार दबाव बनाए रखा, जिससे उन्हें खुद शांत रहकर और सही सोच के साथ खेलने में मदद मिली। वह अपने इस प्रदर्शन से बेहद संतुष्ट नजर आए।

साल 2026 में कैसा रहा है अल्काराज का प्रदर्शन?

साल 2026 में कार्लोस अल्काराज का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है, जहां उन्होंने इस सीजन में अब तक खेले गए 29 मैचों में से 26 में जीत हासिल की है और उन्हें सिर्फ 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। US ओपन में बतौर डिफेंडिंग चैंपियन उतरने के बाद उनका शानदार सफर अब क्वार्टर फाइनल तक पहुंच गया है और वह लगातार दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम करने की पूरी कोशिश में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया का ऐलान, 26 खिलाड़ियों को मिली जगह; पनामा, ब्राजील और उरुग्वे से भिड़ेगी भारतीय टीम

नोवाक जोकोविच पहले ही राउंड में US ओपन से हुए बाहर, अर्जेंटीना के मरियानो नावोन से हारे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल