1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: मोरक्को के खिलाफ विनीसियस के गोल से बची ब्राजील की लाज, पहली बार हुआ ऐसा

FIFA World Cup 2026: मोरक्को के खिलाफ विनीसियस के गोल से बची ब्राजील की लाज, पहली बार हुआ ऐसा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 14, 2026 08:50 am IST,  Updated : Jun 14, 2026 08:51 am IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 5 बार की चैंपियन ब्राजील अपने पहले ही मैच में हारते-हारते बची। हाई-वोल्टेज मुकाबले में मोरक्को ने 1-1 से ड्रॉ खेला।

FIFA- India TV Hindi
ब्राजील बनाम मोरक्को Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में तीसरे दिन न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में फुटबॉल फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला। पांच बार की चैंपियन ब्राजील और पिछली बार सेमीफाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचने वाली मोरक्को की टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन आखिर में मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस मैच में ब्राजील के स्टार विनीसियस जूनियर और मोरक्को के इस्माइल साइबारी ने ऐसे गोल दागे, जिन्होंने स्टेडियम में बैठे हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

मोरक्को ने ब्राजील को किया हैरान

करीब 80 हजार से ज्यादा दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में मोरक्को ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 21वें मिनट में ब्राहिम डियाज ने शानदार थ्रू बॉल देकर ब्राजील की डिफेंस लाइन को भेद दिया। इस मौके का फायदा उठाते हुए इस्माइल साइबारी ने तेजी से आगे बढ़कर गेंद को गोलकीपर एलिसन के ऊपर से नेट में पहुंचा दिया। मोरक्को के इस गोल ने ब्राजीलियन फैंस को पूरी तरह शांत कर दिया। हालांकि, ब्राजील ज्यादा देर दबाव में नहीं रहा। 32वें मिनट में विनीसियस जूनियर ने अपनी क्लास दिखाई। ब्रूनो गुइमारेस के साथ बेहतरीन वन-टू पास खेलने के बाद विनीसियस ने बॉक्स के बाहर से अंदर कट किया और जोरदार राइट फुट शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। मोरक्को के गोलकीपर यासीन बूनू के पास इस शॉट को रोकने का कोई मौका नहीं था।

पहली बार हुआ ऐसा

दिलचस्प बात यह रही कि ब्राजील के लिए विनीसियस जूनियर का यह 10वां इंटरनेशनल गोल था और पहली बार ऐसा हुआ जब उनके गोल के बावजूद ब्राजील मैच नहीं जीत सका। इससे पहले जब-जब विनीसियस ने ब्राजील के लिए गोल किया था, टीम को जीत मिली थी।

पहले हाफ के अंत में लुकास पाक्वेटा ने शानदार ट्रिक शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन मोरक्को के गोलकीपर बूनू ने बेहतरीन डाइव लगाकर उसे बचा लिया। दूसरे हाफ में भी बूनू लगातार शानदार बचाव करते रहे। वहीं दूसरी तरफ ब्राजील के गोलकीपर एलिसन ने भी मैच के आखिरी पलों में कमाल दिखाया। उन्होंने नील एल अयनाउई के लंबे शॉट को रोकने के बाद रिबाउंड पर आए अयूबे अमाइमौनी को गोल करने से भी रोक दिया। ब्राजील इस टूर्नामेंट में 2002 के बाद अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से उतरा है, जबकि मोरक्को पिछली बार की तरह फिर बड़ा उलटफेर करने का सपना देख रहा है।

1934 से ओपनिंग मैच में अजेय ब्राजील

ब्राजील ने इस ड्रॉ के साथ वर्ल्ड कप ओपनिंग मैचों में अपनी लंबी अजेय लय भी बरकरार रखी। टीम 1934 के बाद से अब तक लगातार 21 वर्ल्ड कप ओपनिंग मुकाबलों में नहीं हारी है, जिनमें 17 जीत शामिल हैं। ब्राजील का अगला मुकाबला शुक्रवार को फिलाडेल्फिया में हैती से होगा, जबकि ग्रुप चरण के आखिरी मैच में उसकी भिड़ंत स्कॉटलैंड से होगी। दूसरी ओर मोरक्को अब स्कॉटलैंड और फिर हैती से भिड़ेगा। इस मैच में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार नहीं खेले। वह अभी भी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। इस मैच में एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी बना। दरअसल, फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों वाले क्लबों की सूची में रियल मैड्रिड अब बायर्न म्यूनिख के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया है। दोनों क्लबों के खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में 79-79 गोल किए हैं।

यह भी पढ़ें:

रोहित शर्मा ने ध्वस्त किया डेविड वॉर्नर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, वीरेंद्र सहवाग के स्पेशल क्लब में हो गए शामिल

VIDEO: रन आउट के बाद गुस्से में नजर आए रोहित शर्मा, शुभमन गिल को बिना देखे लौट गए पवेलियन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल