भारत और अफगानिस्तान के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें बारिश के खलल की वजह से ये मैच 25-25 ओवर्स का हो रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया को 195 रनों का टारगेट मिला है जिसका पीछा करते हुए रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी। जब ऐसा लग रहा था कि रोहित शर्मा अपनी नजरें जमा चुके हैं उसी समय एक गलत कॉल के चलते वह रन आउट हो गए जिसके बाद रोहित काफी गुस्से में नजर आए और बिना कप्तान शुभमन गिल को देखे वापस पवेलियन लौट गए।
रोहित लेना चाह रहे थे सिंगल, गिल क्रीज से आगे ही नहीं बढ़ पाए
अफगानिस्तान के खिलाफ जब भारतीय टीम 195 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी तो छठे ओवर की चौथी गेंद जो अफगान टीम की तरफ से गजनफर ने फेंकी थी उसपर रोहित शर्मा मिड विकेट की तरफ खेलने के साथ तेजी से एक रन लेने का प्रयास किया। शुभमन गिल जो शॉट लगने के बाद रोहित की तरफ नहीं बल्कि गेंद की तरफ देख रहे थे वह गेंदबाज के फॉलो थ्रू के चक्कर में अपनी क्रीज से आगे ही नहीं निकल पाए। जब तक गिल ने रोहित को वापस जाने का इशारा किया उस समय तक काफी देर हो चुकी थी क्योंकि रोहित आधी पिच से आगे निकल आए थे। रोहित ने वापस जाने का प्रयास तो किया लेकिन उससे पहले ही वह रन आउट हो चुके थे। रोहित शर्मा आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए जिसमें उन्होंने तीसरे अंपायर का फैसला आने से पहले ही पवेलियन का रुख कर लिया था और बिना शुभमन गिल को देखे वापस लौट गए।
16 रनों की पारी में भी रोहित ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
रोहित शर्मा लगभग 5 महीने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में मुकाबला खेलने इस मैच में उतरे थे, जिसमें सभी को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बावजूद रोहित एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहे जिसमें वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो बतौर ओपनर 16000 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो सके हैं। रोहित से पहले ये उपलब्धि सिर्फ पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने हासिल की थी।
ये भी पढ़ें
IND vs AFG: गुरबाज ने उठाया टीम इंडिया की गलती का फायदा, ठोका शाहिद अफरीदी जैसा शतक