Fifa World Cup 2026 Day 2 Schedule: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज शानदार अंदाज में हुआ है। टूर्नामेंट के शानदार उद्घाटन और पहले दिन के मुकाबलों के बाद, अब फैंस की नजरें दूसरे दिन खेले जाने वाले मुकाबलों पर टिकी हुई हैं। 12 जून 2026 को होने वाले इन मुकाबलों में टूर्नामेंट के दो सह-मेजबान, कनाडा और अमेरिका, पहली बार मैदान पर उतरकर अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। कनाडा का सामना बोस्निया और हर्जेगोविना से होगा। जबकि दिन के दूसरे मुकाबले में यूएसए की टीम पराग्वे से का सामना करेगी, ये दोनों टीमें 96 साल के बाद वर्ल्ड कप में आमने सामने होंगी।
बोस्निया और हर्जेगोविना ने प्लेऑफ में इटली को दी थी मात
कनाडा के फुटबॉल इतिहास में 12 जून का दिन काफी ऐतिहासिक होने वाला है। वह पहली बार फीफा वर्ल्ड कप मैच की मेजबानी करेंगे। टोरंटो स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में कनाडा का सामना यूरोपीय टीम बोस्निया और हर्जेगोविना से होगा। बोस्निया की टीम प्ले-ऑफ में मजबूत इटली को हराकर वर्ल्ड कप में जगह बनाने में कामयाब हुई है, जिससे यह साफ है कि कनाडा के लिए यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं होने वाला है। घरेलू दर्शकों के भारी समर्थन के बीच कनाडा जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत करना चाहेगा। यह मैच कनाडा में दोपहर 3 बजे और भारतीय समयानुसार 13 जून को रात 12:30 बजे शुरू होगा।
लॉस एंजिल्स स्टेडियम में यूएसए और पराग्वे का होगा मुकाबला
दिन का दूसरा बड़ा मुकाबला लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां अमेरिका (USA) का सामना दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप की मजबूत टीम पराग्वे से होगा। हेड कोच मौरिसियो पोचेटिनो के अंडर में यूएसए की टीम अपनी धरती पर जीत के साथ अभियान का आगाज करना चाहेगी। हालांकि, पराग्वे की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि उन्होंने कॉनमेबोल क्वालिफायर में अर्जेंटीना और ब्राजील जैसी दिग्गज टीमों को हराकर पहले ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो वहां यूएसए और पराग्वे के बीच 9 मैच खेले गए हैं, जिसमें से यूएसए ने 5 में जीत दर्ज की है। पराग्वे की टीम दो मैच जीतने में कामयाब रही है। वहीं दो मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। ये मुकाबला लॉस एंजेलिस में शाम 6 बजे और भारत के समय अनुसार 13 जून को सुबह 6:30 बजे शुरू होगा।
मैक्सिको ने जीत के साथ किया है टूर्नामेंट का आगाज
सह-मेजबान होने की वजह से कनाडा और अमेरिका दोनों पर ही अपने घरेलू मैदान और दर्शकों के सामने बेहतर प्रदर्शन करने का भारी दबाव होगा। फुटबॉल एक्सपर्ट्स का मानना है कि पहले दो दिनों के खेल में ही ये पता चल जाएगा कि इस वर्ल्ड कप के लिए सभी टीमों की तैयारी कैसी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उद्घाटन मैच में मैक्सिको की शानदार जीत के बाद, क्या बाकी दोनों मेजबान देश भी दूसरे दिन जीत का परचम लहराने में कामयाब हो पाती है या नहीं।
यह भी पढ़ें