1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup: मेसी के पास नया इतिहास रचने का मौका, ऑस्ट्रिया के खिलाफ गोल करते ही बनेंगे 3 बड़े रिकॉर्ड

FIFA World Cup: मेसी के पास नया इतिहास रचने का मौका, ऑस्ट्रिया के खिलाफ गोल करते ही बनेंगे 3 बड़े रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 22, 2026 05:30 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 05:30 pm IST

फीफा वर्ल्ड कप में 22 जून को अर्जेंटीना का सामना ग्रुप स्टेज के मैच में ऑस्ट्रिया से होगा। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी के पास इस मैच में कुछ खास रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा।

Lionel Messi- India TV Hindi
लियोनेल मेसी Image Source : AP

FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी सोमवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ होने वाले ग्रुप-J के मैच में फुटबॉल इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब हैं। इससे पहले, अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मैच में अर्जेंटीना ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की थी। उस मैच में मेसी ने अपने करियर की पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक लगाई थी और अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां मैच भी पूरा किया था। अब 38 साल के मेसी की नजरें ऑस्ट्रिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में तीन नए रिकॉर्ड्स अपने नाम करने पर हैं। आइए जानते हैं वे कौन-से रिकॉर्ड्स हैं।

मेसी के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका

लियोनेल मेसी पिछले लगातार 5 वर्ल्ड कप मैचों में गोल कर चुके हैं। अगर वह ऑस्ट्रिया के खिलाफ भी कम से कम एक गोल कर देते हैं, तो वह लगातार 6 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरजिन्हो के नाम है। मेसी के पास इस मैच में इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका होगा।

सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं मेसी

ऑस्ट्रिया के खिलाफ सिर्फ एक गोल करते ही मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इस समय वह 16 गोल के साथ जर्मनी के महान खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोस की बराबरी पर हैं। इसके साथ ही अगर मेसी यह गोल पेनल्टी बॉक्स के बाहर (लॉन्ग-रेंज) से करते हैं, तो वह वर्ल्ड कप इतिहास में बॉक्स के बाहर से सबसे ज्यादा गोल करने का नया रिकॉर्ड भी बना देंगे। मेसी अब तक बॉक्स के बाहर से 5 गोल दाग चुके हैं।

16 वर्ल्ड कप मैच जीत चुके हैं मेसी

अगर ऑस्ट्रिया के खिलाफ इस मैच में अर्जेंटीना जीत दर्ज करने में कामयाब होती है, तो वर्ल्ड कप में यह मेसी की 17वीं जीत होगी। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने के मिरोस्लाव क्लोस के रिकॉर्ड  की बराबरी कर लेंगे। मेसी अब तक 16 वर्ल्ड कप मैच जीत चुके हैं। मिरोस्लाव क्लोस वर्ल्ड कप में 17 मैच जीतने में कामयाब रहे थे।

यह भी पढ़ें:

साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी टीम इंडिया हासिल कर सकती है सेमीफाइनल का टिकट? जानिए पूरा समीकरण

साउथ अफ्रीका से पहली हार, फिर वर्ल्ड कप पर कब्जा, क्या अब हरमनप्रीत दोहराएंगी इतिहास?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल