हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन भारत के राजगीर में होना है और इसकी शुरुआत 29 अगस्त से होनी है। इसमें कुल 8 टीमों को हिस्सा लेना है। अब इस टूर्नामेंट से पाकिस्तान और ओमान बाहर हो गए हैं। इन दोनों टीमों की जगह आयोजकों ने कजाखस्तान और बांग्लादेश की टीमों को टूर्नामेंट में शामिल किया है।
पाकिस्तानी प्लेयर्स को भारत सरकार वीजा देने के लिए थी तैयार
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के बाद दोनों देशों के संबंध खराब हो गए, जिसका असर खेलों पर भी पड़ा। अब पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का बहाना बनाते हुए भारत में आने से इनकार कर दिया। जबकि भारत सरकार पाकिस्तानी हॉकी प्लेयर्स को वीजा देने के लिए तैयार थी। लेकिन पाकिस्तानी हॉकी महासंघ किसी भी कीमत पर राजी नहीं हुआ। इसी वजह से आयोजकों ने बांग्लादेश की टीम से पहले ही संपर्क कर लिया था। दूसरी तरफ ऐसा माना जा रहा है कि ओमान की टीम भी अपनी सरकार के साथ व्यक्तिगत मुद्दों के कारण टूर्नामेंट से हट गई है।
ग्रुप-ए में है भारतीय हॉकी टीम
हॉकी एशिया कप 2025 के लिए जारी हुए नए शेड्यूल के मुताबिक मेजबान भारत को चीन, जापान और कजाखस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। जबकि ग्रुप-बी में मलेशिया, कोरिया, चीनी ताइपे और बांग्लादेश को जगह मिली है। 8 टीमों के इस टूर्नामेंट में जो भी टीम विजेता बनेगी। वह सीधे नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लेगी। ग्रुप चरण के बाद सुपर फोर मुकाबले तीन से छह सितंबर तक खेले जाएंगे। सुपर फोर मुकाबलों का ऐलान ग्रुप चरण के बाद किया जाएगा। फाइनल, तीसरे स्थान का प्ले ऑफ और पांचवें-छठे स्थान का क्लासीफिकेशन मुकाबला सात सितंबर को होगा।
वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई करने का मौका
कोरिया टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है जिसने पांच बार खिताब जीता है । भारत और पाकिस्तान तीन तीन बार जीत चुके हैं । भारत ने आखिरी बार 2017 में ढाका में फाइनल में मलेशिया को 2-1 से हराकर खिताब जीता था। पिछली बार जकार्ता में भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही थी। एशियाई हॉकी महासंघ के अध्यक्ष फुमियो ओगुरा ने कहा कि हीरो एशिया कप 2025 में सर्वश्रेष्ठ एशियाई हॉकी देखने को मिलेगी। विश्व कप क्वालीफिकेशन दाव पर होने से हर मैच अहम होगा। हमें उम्मीद है कि इस बार रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
पहली बार एशिया कप के लिए चुने गए ये 7 भारतीय प्लेयर्स, सेलेक्टर्स ने खोल दी किस्मत
टीम इंडिया में नहीं मिली इस धाकड़ खिलाड़ी को जगह, चीफ सेलेक्टर बोले- अभी करना होगा इंतजार