1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय टीम के कोच का बड़ा फैसला, वर्ल्ड कप हार के चलते अब छोड़ा अपना पद

भारतीय टीम के कोच का बड़ा फैसला, वर्ल्ड कप हार के चलते अब छोड़ा अपना पद

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 30, 2023 05:18 pm IST,  Updated : Jan 30, 2023 05:18 pm IST

वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद अब भारतीय टीम के कोच ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

Coach Resigns- India TV Hindi
Coach Resigns Image Source : TWITTER

भारतीय हॉकी टीम को घर में हुए वर्ल्ड कप में नॉकआउट राउंड्स में पहुंचने से पहले ही हार का सामना करना पड़ा। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया क्वार्टरफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी। वहीं इस हार के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। अब टीम इंडिया के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस हार के बाद रीड ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

कोच का चौंकाने वाला फैसला

विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड और सहयोगी स्टाफ के दो अन्य सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है जिसे हॉकी इंडिया ने स्वीकार कर लिया। रीड के कोच रहते टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम ओडिशा में हुए विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी और 9वें स्थान पर रही। रीड के अलावा विश्लेषण कोच ग्रेग क्लार्क और वैज्ञानिक सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बरटन ने भी त्यागपत्र दे दिया है।

विश्व कप हार के बाद लिया फैसला

हॉकी इंडिया द्वारा जारी बयान के अनुसार रीड ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को विश्व कप खत्म होने के एक दिन बाद इस्तीफा सौंपा। टिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर चर्चा के लिए रीड और अन्य सहयोगी स्टाफ से मुलाकात की थी। रीड के अलावा क्लार्क और डेविड ने भी सोमवार को सुबह इस्तीफे दे दिया। तीनों अगले महीने नोटिस पीरियड में रहेंगे।

रीड ने कहा, ‘‘अब मेरे लिए अलग होने और नए प्रबंधन को कमान सौंपने का समय है। इस टीम और हॉकी इंडिया के साथ काम करने में बहुत मजा आया। इस शानदार सफर के हर पल का मैंने आनंद लिया। टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’ रीड और उनकी टीम के साथ भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा टीम ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत और एफआईएच प्रो लीग 2021-22 सत्र में तीसरा स्थान हासिल किया।

जीता था विश्व सीरीज फाइनल 

रीड के कोच रहते भारतीय टीम ने 2019 में एफआईएच विश्व सीरिज फाइनल्स जीता था। इसके बाद भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालीफायर जीतकर टोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई किया। रीड समेत तीनों के इस्तीफे स्वीकार करते हुए हॉकी इंडिया अध्यक्ष टिर्की ने कहा, ‘‘ग्राहम रीड और उनकी टीम का भारत सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने हमें अच्छे नतीजे दिए। खासकर ओलंपिक खेल में। हर यात्रा में नए पड़ाव आते हैं और अब हमें भी टीम के लिये नयी सोच के साथ आगे बढना होगा।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल