1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. म्यूनिख वर्ल्ड कप में भारतीय शूटर्स ने किया कमाल, जीते 2 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल

म्यूनिख वर्ल्ड कप में भारतीय शूटर्स ने किया कमाल, जीते 2 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 16, 2025 07:32 pm IST,  Updated : Jun 16, 2025 07:33 pm IST

म्यूनिख वर्ल्ड कप में भारत की झोली में 2 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल आए। 19 साल की निशानेबाज सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में वर्ल्ड कप का अपना लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीता।

Elavenil Valarivan - India TV Hindi
एलावेनिल वलारिवान Image Source : SAI MEDIA

भारत ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) के वार्षिक कैलेंडर में सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंटों में से एक म्यूनिख वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन में सुधार कर दो गोल्ड और दो ब्रॉन्ज मेडल के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। पिछले चार वर्ल्ड कप में यह तीसरा मौका है जब भारत ने टेबल में तीसरा स्थान हासिल किया है। 

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के महासचिव के. सुल्तान सिंह ने कहा कि हमारे निशानेबाजों ने एक बार फिर से म्यूनिख वर्ल्ड कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस आयोजन से पहले कहा जा रहा था कि भारत के लिए यह टूर्नामेंट चुनौतीपूर्ण होगा। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे थे जबकि हमारे कुछ सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज इसमें नहीं खेल रहे थे। हमारे निशानेबाजों ने हालांकि यह साबित कर दिया कि भारतीय निशानेबाजी में विकल्प पहले से कहीं अधिक है।

19 साल की शूटर ने जीता गोल्ड

इस सत्र की शुरुआत से शानदार लय में चल रही पिस्टल निशानेबाज सुरुचि सिंह ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनावाया। हरियाणा की इस 19 साल की निशानेबाज ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में वर्ल्ड कप का अपना लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीता।  आर्या बोसरे और अर्जुन बबूता की मिश्रित जोड़ी ने ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्डधारी चीन की एस जीएल आई और वांग जी फी की जोड़ी को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में हराकर बड़ा उलटफेर किया। 

दो बार की ओलंपियन इलावेनिल वलारिवान (महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल) और ओलंपियन और वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक सिफ्त कौर सामरा (महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन) ने भी म्यूनिख में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले अपने प्रदर्शन से विश्व स्तरीय निशानेबाजों के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की। वलारिवान ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने से पहले 635.9 के स्कोर के साथ नया क्वालीफिकेशन राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया, जबकि सुरुचि ने महिला एयर पिस्टल में मनु भाकर के 588 के क्वालीफिकेशन राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की।

चीन ने 7 मेडल के साथ किया टॉप

प्रतियोगिता की 10 स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी सात के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। चीन चार गोल्ड सहित सात मेडल के साथ टेबल में शीर्ष पर रहा। नार्वे दो गोल्ड और एक सिल्वर के साथ दूसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट समूह सहित कुल 11 देशों ने म्यूनिख में मेडल जीते। ISSF का साल का चौथा शॉटगन वर्ल्ड कप चरण अगले महीने इटली के लोनाटो डेल गार्डा में आयोजित होगा, जबकि चौथा और अंतिम राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप सितम्बर में चीन के निंग्बो में होगा।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल