1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी की जोड़ी ने जीता फ्रेंच ओपन का खिताब

सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी की जोड़ी ने जीता फ्रेंच ओपन का खिताब

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 08, 2025 06:16 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 06:16 pm IST

ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी की इटली की जोड़ी ने पहली बार फ्रेंच ओपन वूमेन्स डबल्स का खिताब जीता।

french open 2025- India TV Hindi
सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी Image Source : GETTY

फ्रेंच ओपन 2025 में 8 जून का दिन इटली और स्पेन-अर्जेंटीना की जोड़ियों के नाम रहा। महिला डबल्स में इटली की सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी ने पहली बार मिलकर खिताबी जीत दर्ज की, जबकि पुरुष डबल्स में अनुभवी जोड़ी मार्सेल ग्रानोलर्स और होरासियो जेबालोस ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया।

सारा इरानी-पाओलिनी की ऐतिहासिक जीत

महिला डबल्स फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अन्ना डैनिलिना और अलेक्जेंड्रा क्रुनिक की जोड़ी को 6-4, 2-6, 6-1 से मात दी। इस जीत के साथ इरानी ने अपने करियर का छठा ग्रैंड स्लैम महिला डबल्स खिताब और दूसरा फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया।

खास बात यह भी रही कि इरानी और पाओलिनी की जोड़ी ने पिछले साल इसी वेन्यू पर ओलंपिक में गोल्ड मेडल भी जीता था। 38 वर्षीय इरानी पहले भी रॉबर्टा विंची के साथ यूएस ओपन, विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में खिताब जीत चुकी हैं। इस साल इरानी ने फ्रेंच ओपन में मिक्स्ड डबल्स खिताब भी अपने नाम किया है।

पाओलिनी का शानदार सफर

जहां सारा इरानी डबल्स की अनुभवी खिलाड़ी हैं, वहीं जैस्मीन पाओलिनी ने सिंगल्स में भी खुद को साबित किया है। पाओलिनी पिछले साल फ्रेंच ओपन के सिंगल्स फाइनल में भी पहुंची थीं और इस साल डबल्स खिताब जीतकर उन्होंने अपना करियर नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।

पुरुष डबल्स फाइनल में स्पेन के 39 वर्षीय मार्सेल ग्रानोलर्स और अर्जेंटीना के 40 वर्षीय होरासियो जेबालोस की जोड़ी ने उम्दा खेल दिखाते हुए जो सैलिसबरी और नील स्कूप्स्की की ब्रिटिश जोड़ी को 6-0, 6-7 (5), 7-5 से हराया। ग्रानोलर्स और जेबालोस इससे पहले चार बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन खिताबी जीत उनसे दूर रह गई थी। आखिरकार, फ्रेंच ओपन 2025 में उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर लंबा इंतजार खत्म किया। गौरतलब है कि सैलिसबरी और स्कूप्स्की ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम मेन्स डबल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली ब्रिटिश जोड़ी बनी थी, लेकिन खिताब उनके हाथ नहीं लगा।

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल