1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. India vs Japan Asia Cup Hockey : एशिया कप में भारतीय टीम की शर्मनाक हार, जापान ने 5-2 से दी करारी शिकस्त

India vs Japan Asia Cup Hockey : एशिया कप में भारतीय टीम की शर्मनाक हार, जापान ने 5-2 से दी करारी शिकस्त

 Written By: Priyam Sinha
 Published : May 24, 2022 07:52 pm IST,  Updated : May 24, 2022 07:52 pm IST

एशिया कप 2022 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम को 5-2 से करारी हार झेलनी पड़ी है। पहला मुकाबला भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था।

एशिया कप 2022 में भारतीय...- India TV Hindi
एशिया कप 2022 में भारतीय हॉकी टीम की जापान से करारी हार Image Source : TWITTER (HOCKEY INDIA)

Highlights

  • एशिया कप के दूसरे मुकाबले में भारत को जापान ने 2-5 से हराया
  • पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी लम्हों में जीत से चूकी थी टीम इंडिया
  • दो मैचों के बाद भारत का सिर्फ एक पॉइंट, सेमीफाइनल की राह मुश्किल

भारतीय हॉकी टीम को एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में जापान के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी है। 2018 एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट जापान ने 2-1 की बढ़त बनाने के बाद आखिरी क्वार्टर में डिफेंडिंग चैंपियंस को 5-2 से करारी शिकस्त दी। पूल ए में मौजूद भारत का यह दूसरा मुकाबला था। पहले मुकाबले में टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा था। जापान की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है तो भारत अभी तक जीत का खाता नहीं खोल सका है।

किस-किस ने किए गोल?

जापान ने अपने पहले मुकाबले में इंडोनेशिया को 9-0 से धोया था। इस मैच की बात करें तो भारत की ओर से पवन राजभर और उत्तम सिंह ने गोल दागे। राजभर ने 45वें मिनट में भारत के लिए पहला गोल दागा, तो उत्तम सिंह ने 50वें मिनट में दूसरा गोल किया। वहीं जापान की ओर से केन नागायोशी ने 24 वें मिनट और कोसे कावाबे ने 40वें और 56वें मिनट में दो गोल दागे। कोजी यामासाकी ने 50वें मिनट में चौथा गोल दागा और ओका रायोमा ने 49वें मिनट में टीम के लिए तीसरा गोल किया।

इस मैच की शुरुआत रोमांचक थी और कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी। पहला क्वार्टर यानी पहले 15 मिनट में कोई भी गोल नहीं हुआ। इसके बाद दूसरे क्वार्टर के अंत तक जापान के पास 1-0 की बढ़त थी। फिर तीसरा क्वार्टर काफी रोचक हुआ इस क्वार्टर में जापान ने पहला गोल किया और बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद भारत ने भी इस क्वार्टर में पहला गोल दागा। आखिरी क्वार्टर में जापान ने फिर गोल किया इसके बाद भारत के लिए उत्तम सिंह ने गोल करते हुए स्कोर 2-3 कर दिया। लेकिन जापान ने इसके बाद आखिरी के 7-8 मिनट में दो और गोल करके बढ़त को 5-2 करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

भारत के लिए कठिन हुई सेमीफाइनल की राह

आपको बता दें पूल ए और पूल बी दोनों में 4-4 टीमें मौजूद हैं। प्रत्येक टीम तीन लीग मैच खेलेगी। भारत दो मैच खेल चुका है और अभी उसे एक भी जीत नहीं मिली है। भारतीय टीम का 2 मैचों के बाद एक पॉइंट है और आखिरी लीग मैच में मेन इन ब्लू होम टीम इंडोनेशिया को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल की संभावनाओं को मजबूत करना चाहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल