भारत के स्टार पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 के फाइनल मुकाबले में जापान के युशी तनाका को सीधे 2 सेटों में मात देने के साथ खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रहे। लक्ष्य सेन पिछले काफी समय के कई बड़े टूर्नामेंट के फाइनल तक का सफर तो तय कर रहे थे, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो पा रहे थे, जिसके बाद उन्होंने साल 2025 में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ टाइटल ऑस्ट्रेलियन ओपन के तौर पर जीता। लक्ष्य सेन का ये उनके करियर का तीसरा सुपर 500 टाइटल है।
लक्ष्य ने 38 मिनट के अंदर मुकाबला किया अपने नाम
ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन का जापान के खिलाफ शुरू से ही दबदबा देखने को मिला, जिसमें उन्होंने टाइटल अपने नाम करने में सिर्फ 38 मिनट का समय लगाया। लक्ष्य ने इस खिताबी मैच के पहले सेट को 21-15 से अपने नाम करने के साथ 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद दूसरे सेट को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई थी, जिसमें लक्ष्य ने जापान के युशी तनाका को वापसी का कोई भी मौका नहीं दिया और उसे भी 21-11 के अंतर से अपने नाम करने के साथ सीधे सेटों में मात देते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 का टाइटल जीत लिया। लक्ष्य ने जीत हासिल करने के बाद इसका जश्न भी अलग तरीके से मनाया जिसमें उन्होंने अपने दोनों कानों को बंद करने के साथ आंखें बंद जिसमें वह अपने इस कदम से आलोचकों को संदेश देना चाहते थे।
साल की शुरुआत में काफी संघर्ष कर रहे थे लक्ष्य
लक्ष्य सेन के लिए साल 2025 की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें पिछले साल ओलंपिक में जहां वह मेडल नहीं जीत पाए थे तो वहीं इसके बाद उनको वापस से अपना फॉर्म हासिल करने के लिए काफी संघर्ष करते हुए भी देखा गया। लक्ष्य का साल 2025 के आखिरी महीनों में काफी बेहतर प्रदर्शन रहा जिसमें वह हांगकांग सुपर 500 का खिताब जीतने के काफी करीब पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। अब लक्ष्य ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में कोई गलती ना करते हुए खिताब को अपने नाम किया है।
ये भी पढ़ें
मीनाक्षी हुड्डा ने बॉक्सिंग में लहराया तिरंगा, 48 किलोग्राम में जीत लिया गोल्ड मेडल