1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज, इन सेलिब्रिटीज ने लूटी महफिल

रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज, इन सेलिब्रिटीज ने लूटी महफिल

 Published : Jan 11, 2023 10:57 pm IST,  Updated : Jan 11, 2023 10:57 pm IST

Hockey World Cup 2023 Opening Ceremony: हॉकी वर्ल्ड कप 2023 के रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन कटक के बाराबती स्टेडियम में हुआ। इस मेगा इवेंट का उद्घाटन ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने किया। इस समारोह में बॉलीवुड के कई कलाकारों ने अपना जलवा बिखेरा।

Hockey World Cup 2023 opening ceremony- India TV Hindi
Hockey World Cup 2023 opening ceremony Image Source : TWITTER

Hockey World Cup 2023 Opening Ceremony: हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का उद्घाटन बुधवार को एक रंगारंग कार्यक्रम में हुआ। कटक के बाराबती स्टेडियम में आयोजत इस ओपनिंग सेरेमनी में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का साथ केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। हॉकी को प्रमोट करने में लगातार अहम भूमिका निभा रहे मुख्यमंत्री पटनायक ने वर्ल्ड कप का उद्घाटन किया। इस शानदार समारोह को देखने के लिए 50 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम में इकट्ठा हुए। ओडिशा में 13 जनवरी से शुरू हो रहे पुरुषों के हॉकी वर्ल्ड कप के मुकाबले में दुनिया भर की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।

दूसरी बार ओडिशा बना हॉकी वर्ल्ड कप का मेजबान

हॉकी वर्ल्ड कप 2023 के लिए नवीन पटनायक के नेतृत्व में ओडिशा में कई वर्ल्ड क्लास स्टेडियम तैयार कराए गए हैं। इस ग्लोबल टूर्नामेंट के सारे मैच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 13 से 29 जनवरी तक होंगे। सीएम पटनायक ने वर्ल्ड कप देखने के लिए आने वालों का ‘हॉकी होम’ में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि सभी मेहमान ओडिशा से बेहतरीन यादें अपने साथ ले जाएंगे। साथ ही, उन्होंने राज्य में मेगा खेल आयोजन की मेजबानी के लिए जरूरी समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह शानदार पल है। उन्होंने इस तरह के खूबसूरत उद्घाटन समारोह के आयोजन के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया और कहा, "यह दिखाता है कि भारत और ओडिशा को हॉकी के लिए कितना प्यार है।"

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली सभी हॉकी टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “2023 हॉकी वर्ल्ड कप ओडिशा में शुरू हो रहा है। इसलिए सभी भाग लेने वाली टीमों को मेरी शुभकामनाएं। यह टूर्नामेंट खेल भावनाओं को और मजबूत करे और यह हॉकी के सुंदर खेल को और लोकप्रिय करे। भारत को इस टूर्नामेंट की मेजबानी करने पर गर्व है।”

ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड का तड़का

बॉलीवुड एक्टर्स रणवीर सिंह और दिशा पटानी ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि ग्लोबल गर्ल म्यूजिक ग्रुप ब्लैकस्वान ने अपने प्रदर्शन से हजारों दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रसिद्ध बॉलीवुड संगीत निर्देशक प्रीतम ने इस मौके पर एक यूथ कॉन्सर्ट का प्रदर्शन किया गया। बता दें कि उन्होंने हॉकी वर्ल्ड कप एंथम भी बनाया है। इस यूथ कॉन्सर्ट में कई जाने-माने संगीतकार और प्रसिद्ध गायक जैसे बेनी दयाल, नीति मोहन के साथ-साथ एक ड्रोन शो भी शामिल था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल